बैडमिंटन : इंडोनेशिया मास्टर्स के फाइनल में पहुंचे श्रीकांत (लीड-1)

मलांग (इंडोनेशिया), 5 दिसम्बर (आईएएनएस)। पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे भारत के शीर्ष पुरुष बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने अपनी पुरानी लय हासिल करते हुए शनिवार को 120,000 डॉलर इनामी राशि वाले इंडोनेशिया मास्टर्स ग्रांप्री. गोल्ड के फाइनल में प्रवेश कर लिया।

गेदुंग ग्राहा काक्रावाला स्टेडियम में शीर्ष वरीय श्रीकांत ने सेमीफाइनल मुकाबले में इंडोनेशिया के गिंटिंग एंथनी को 21-13, 21-9 से हराया।

श्रीकांत को खिताबी मुकाबले में प्रवेश करने में मात्र 37 मिनट लगे। एंथनी के खिलाफ श्रीकांत का यह दूसरा मुकाबला था और उन्होंने एंथनी के साथ अपनी जीत-हार का आंकड़ा 1-1 से बराबर कर लिया।

गौरतलब है कि श्रीकांत को इससे ठीक पहले लगातार पांच अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के पहले राउंड में ही हारकर बाहर होना पड़ा था। अक्टूबर में डेनमार्क ओपन में भी वह दूसरे दौर तक ही बढ़ सके।

लेकिन श्रीकांत ने पिछली सभी असफलताओं से उबरते हुए एंडोनेशिया मास्टर्स के खिताबी मुकाबले में प्रवेश कर लिया। इस वर्ष श्रीकांत का यह चौथा फाइनल है। इससे पहले वह इंडिया ओपन सुपरसीरीज, स्विस ओपन ग्रांप्री. और इंडिया ग्रांप्री. गोल्ड के फाइनल में पहुंचे थे, जिसमें इंडिया ओपन सुपरसीरीज और स्विस ओपन में उन्हें जीत मिली थी।

श्रीकांत फाइनल मुकाबले में अब रविवार को इंडोनेशिया के ही दूसरे वरीय टॉमी सुगियार्तो से भिड़ना होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493