बैडमिंटन : इंडोनेशिया मास्टर्स के दूसरे दौर में पहुंचीं सायना

जकार्ता (इंडोनेशिया), 24 जनवरी (आईएएनएस)। भारत की दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल ने अच्छी शुरुआत करते हुए इंडोनेशिया मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया है।

सायना ने बुधवार को महिला एकल वर्ग के पहले दौर में चीन की चेन युफेई को मात दी।

ओलम्पिक की कांस्य पदक विजेता सायना ने युफेई को एक घंटे और नौ मिनट तक चले मैच में 22-24, 21-15, 21-14 से मात दी।

इस जीत के साथ ही सायना ने युफेई से पिछले साल हांगकांग ओपन में मिली हार का बदला भी पूरा कर लिया है। दोनों अब तक दो बार एक-दूसरे से भिड़ीं हैं और दोनों के बीच मुकाबलों का स्कोर अब 1-1 से बराबर हो गया है।

दूसरे दौर में सायना का सामना चीन की ही खिलाड़ी चेन शियाओशिन से होगा।

इस टूर्नामेंट में पुरुष एकल वर्ग में समीर वर्मा को हार का सामना करना पड़ा। वह पहले ही दौर में हारकर बाहर हो गए हैं।

समीर को जापान के खिलाड़ी काजुमासा साकाई ने 53 मिनट में 21-16, 12-21, 21-10 से मात देकर दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया।

इसके अलावा, पुरुष युगल वर्ग में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने अच्छी शुरुआत की। दोनों ने पहले दौर में जापान की ताकुटो इनोई और युकी कानेको की जोड़ी को सीधे गेमों में 21-15, 21-17 से हराकर दूसरे दौर में कदम रख लिया है।

पुरुष युगल वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व कर रही मनु अत्री और बी. सुमित रेड्डी की जोड़ी को हार का सामना करना पड़ा। चीनी ताइपे की लु चिंग याओ और यांग पो हान की जोड़ी ने पहले दौर में मनु और सुमित की जोड़ी को 58 मिनट में 21-18, 16-21, 21-16 से मात दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493