बैडमिंटन : डेनमार्क ओपन में सायना करेंगी भारतीय चुनौती की अगुवाई

ओडेंसे (डेनमार्क), 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल एक महीने के विश्राम के बाद नई स्फूर्ति के साथ मंगलवार से शुरू हो रहे 650,000 डॉलर इनामी राशि वाले डेनमार्क ओपन में भारतीय चुनौती की अगुवाई करने उतरेंगी।

ओडेंसे स्पोर्ट्स पार्क में सायना को शीर्ष वरीयता दी गई है तथा वह 10वीं विश्व वरीयता प्राप्त थाईलैंड की बुसानान ओंगबुमरुं गफान के खिलाफ बुधवार को अपने अभियान की शुरुआत करेंगी।

हाल ही में जापान ओपन के दौरान नौ सितंबर को सायना ने बुसानान को मात दी थी।

विश्व चैम्पियनशिप और ओलम्पिक में कांस्य पदक विजेता रहीं सायना यदि दूसरे दौर में प्रवेश करने में सफल रहती हैं तो वहां उन्हें 18वीं विश्व वरीयता प्राप्त जापान की मिनात्सु मितानी चुनौती दे सकती हैं।

पिछले महीने टोक्यो में मिनात्सु सायना को हराने में सफल रही थीं।

भारत की दूसरे नंबर की महिला एकल खिलाड़ी पी. वी. सिंधु इंडोनेशिया की मारिया फेबे कुसुमास्तुती के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेंगी।

13वीं विश्व वरीयता प्राप्त और विश्व चैम्पियनशिप में दो बार कांस्य पदक विजेता रहीं सिंधु यदि दूसरे दौर में प्रवेश करती हैं तो वहां उनका सामना 12वीं विश्व वरीय बेई युन जू और सातवीं विश्व वरीय चीन की शीर्ष यिहान वांग के बीच विजेता की कठिन चुनौती झेलनी पड़ सकती है।

भारत की शीर्ष वरीय महिला युगल जोड़ी ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा कोरिया ओपन से बाहर रहने के बाद डेनमार्क ओपन से कोर्ट पर वापसी कर रही हैं।

विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक विजेता रहीं ज्वाला-अश्विनी की जोड़ी पहले दौर में रीका काकीवा और मियूकी माएदा की जापानी सातवीं विस्व वरीयता प्राप्त जोड़ी का सामना करेंगी।

पुरुष एकल वर्ग में भारत के शीर्ष खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत थाईलैंड के तानोंगसाक सैनसोमबूनसुक के खिलाफ जबकि पारुपल्ली कश्यप सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त मलेशिया के ली चोंग वेई के खिलाफ अपने-अपने अभियानों की शुरुआत करेंगे।

आठ महीने तक कोर्ट से बाहर रहने के बाद चोंग वेई ने जबरदस्त वापसी की है। विश्व चैम्पियनशिप में वह फाइनल तक पहुंचे और अपना दबदबा फिर से कायम कर लिया है।

16वें विश्व वरीयता प्राप्त एच. एस. प्रनॉय चीनी ताइपे के हसू जेन हाओ से पहले दौर में भिड़ेंगे, वहीं रविवार को लगातार दूसरी बार डच ओपन खिताब जीतने वाले अजय जयराम मंगलवार को क्वालीफाइंग मैच खेलेंगे।

लगातार दो बार से मौैजूदा विश्व चैम्पियन चीन के चेन लोंग को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493