ऑकलैंड, 4 अगस्त (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में शुक्रवार को भारतीय खिलाड़ियों एच.एस. प्रणॉय और सौरभ वर्मा को अपने-अपने मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा।
पुरुष एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल मैचों में प्रणॉय और सौरभ की हार के साथ ही टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई है।
हाल ही में अमेरिका ओपन का खिताब जीतने वाले प्रणॉय ने क्वार्टर फाइनल मैच में अपनी अच्छी फॉर्म को जारी रखते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी चीनी ताइपे के लिन यु सेन को कड़ी टक्कर दी, लेकिन भाग्य ने उनका साथ नहीं दिया।
लिन ने एक घंटे छह मिनट तक चले मुकाबले में चौथी वरीय प्रणॉय को 21-10, 20-22, 23-21 से मात देकर बाहर का रास्ता दिखाया।
इसके अलावा, सौरभ को भी क्वार्टर फाइनल मैच में हार का सामना कर बाहर होना पड़ा। उन्हें हांगकांग के खिलाड़ी ली चेयुक यू ने 42 मिनट तक चले मुकाबले में सीधे गेमों में 21-19, 21-16 से मात देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
dharmpath.com dharmpath