बैडमिंटन : फिर शीर्ष पर पहुंचीं सायना

नई दिल्ली, 21 मई (आईएएनएस)। स्टार भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल गुरुवार को जारी विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) की ताजा विश्व रैंकिंग में एकबार फिर शीर्ष पर पहुंच गईं।

सायना ने चीन की ली ज्यूरुई को अपदस्थ कर शीर्ष स्थान हासिल किया। ज्यूरुई दूसरे स्थान पर फिसल गईं।

सायना ने इस वर्ष इंडियन ओपन सुपरसीरीज और इंडिया ग्रांप्री. गोल्ड खिताब जीता। इसके अलावा वह सुपरसीरीज प्रीमियर स्पर्धा ऑल इंग्लैंड ओपन में फाइनल तक का सफर तय करने में सफल रहीं।

सायना अगले सप्ताह सिडनी में शुरू हो रहे 750,000 डॉलर इनामी राशि वाले आस्ट्रेलियन ओपन सुपरसीरीज में हिस्सा लेंगी।

इस बीच भारत की दूसरे नंबर की खिलाड़ी पी. वी. सिंधू को हालांकि एक स्थान का नुकसान सहना पड़ा और वह 12वें पायदान पर फिसल गईं।

पुरुष एकल वर्ग में शीर्ष 25 में शामिल सभी भारतीय खिलाड़ी अपना-अपना स्थान बरकरार रखने में सफल रहे।

विश्व वरीयता चौथे स्थान पर काबिज किदांबी श्रीकांत भारत के शीर्ष वरीय खिलाड़ी हैं, जबकि पारुपल्ली कश्यप 13वें और एच. एस. प्रनॉय 15वें पायदान पर बने हुए हैं।

भारत की शीर्ष महिला युगल जोड़ी ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा ने एक स्थान का फायदा लेते हुए 21वां स्थान हासिल किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493