बैडमिंटन : बिटबर्गर ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचे सौरभ, समीर

सारब्रूकन (जर्मनी), 5 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी सौरभ वर्मा और समीर वर्मा ने बिटबर्गर ओपन के पुरुष एकल वर्ग के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है।

12वीं वरीय सौरभ ने शुक्रवार रात हुए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जहां जर्मनी के तीसरी वरीय खिलाड़ी मार्क ज्वीबलर को कड़े मुकाबले में मात दी वहीं समीर ने यूक्रेन के आर्तेम पोच्तारोव को आसानी से शिकस्त दी।

सौरभ ने 51 मिनट चले मुकाबले में अपने विपक्षी को 21-15, 16-21, 21-15 से हराया। पहला गेम जीतने के बाद लग रहा था कि सौरभ दूसरा गेम भी जीतकर जल्द ही मैच समाप्त कर लेंगे, लेकिन मार्क ने वापसी करते हुए 21-16 से दूसरा गेम जीता और मैच तीसरे गेम में ले गए।

हालांकि भारतीय खिलाड़ी ने एक बार फिर अपने विपक्षी पर दबाव बनाए रखा और तीसरे गेम के साथ मैच भी अपने नाम कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में उनका सामना डेनमार्क के आंद्रेस एंटोनसेन से होगा। आंद्रेस ने जर्मनी के फाबियान रोथ को 21-12, 19-12, 21-14 से मात देते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई।

वहीं समीर को अपना मुकाबला जीतने में ज्यादा परेशानी नहीं हुई। समीर ने 35 मिनट तक चले मुकाबले में यूक्रेन के खिलाड़ी को सीधे गेम में 21-14, 21-16 से हराया।

सेमीफाइनल में उनका सामना चीन के शी युकी से होगा। युकी ने क्वार्टर फाइनल में इंडोनेशिया के जोनांटन क्रिस्टी को 16-21, 21-14, 21-14 से माते देते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493