मकाऊ, 25 नवंबर (आईएएनएस)। भारत की अग्रणी बैडमिंटन खिलाड़ी पी. वी. सिंधु ने बुधवार को 120,000 डॉलर इनामी राशि वाले मकाऊ ओपन ग्रांप्री. गोल्ड टूर्नामेंट के पहले राउंड के मैच में दक्षिण कोरिया की किम ह्यो मिन को हरा दिया।
दो बार विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीत चुकीं सिंधु ने सीधे गेम में मिन को हराते हुए महिला एकल वर्ग के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया।
पांचवीं वरीय सिंधु ने टैप सिएक मल्टिस्पोर्ट पैविलियन में हुआ पहले दौर का मुकाबला 41 मिनट में 21-13, 22-20 से जीता।
मिन से सिंधु की यह तीसरी भिड़ंत थी और सिंधु ने तीसरी बार उन्हें हराने में सफलता पाई।
सिंधु अब दूसरे दौर में इंडोनेशिया की दिग्गज लिंडावेनी फानेत्री से भिड़ेंगी। फानेत्री के खिलाफ सिंधु की जीत-हार का आंकड़ा 6-2 से उनके पक्ष में है।
सिंधु, फानेत्री के खिलाफ पिछले चार मुकाबलों से जीतती आ रही हैं।
इससे पहले बुधवार को हुए अन्य मुकाबलों में सातवें वरीय भारत के एच. एस. प्रनॉय और 15वें वरीय वी. साई प्रनीत भी पुरुष एकल वर्ग के अपने-अपने मैच जीतने में सफल रहे।
प्रनॉय ने चीनी ताइपे के लिन चिया हसुआन को सीधे गेमों में 21-19, 21-15 से हराया, वहीं साई ने उजबेकिस्तान के आर्टियोम सावात्यूजिन को एकतरफा मुकाबले में मात्र 24 मिनट में 21-11, 21-8 से हराया।
क्वार्टर फाइनल में प्रवेश करने के लिए अब साई प्रणीत को इंडोनेशिया के कुर्नियावान तेदजोनो और प्रनॉय को चीन के कियाओ बिन से भिड़ना होगा।
भारत के अजय जयराम और ज्वाला गुट्टा तथा अश्विनी पोनप्पा की शीर्ष भारतीय जोड़ी को हालांकि पहले दौर में हारकर बाहर होना पड़ा।
नौवें वरीय जयराम को चीन के लिन गुइपू ने 21-11, 21-17 से मात दी, जबकि ज्वाला-अश्विनी की जोड़ी यूकी फुकुशिमा और सयाका हिरोता की जापानी जोड़ी से 16-21, 15-21 से हार गई।
dharmpath.com dharmpath