बैडमिंटन : सायना ने रचा इतिहास, विश्व चैम्पियनशिप के फाइनल में पहुंचीं (लीड-1)

जकार्ता, 15 अगस्त (आईएएनएस)। भारत की अग्रणी महिला बैडमिंटन स्टार सायना नेहवाल शनिवार को इतिहास रचते हुए विश्व चैम्पियनशिप के फाइनल में जगह बना ली है। ऐसा करने वाली वह भारत की पहली बैडमिंटन खिलाड़ी हैं।

इसके साथ ही सायना ने अपने लिए कम से कम रजत पदक सुरक्षित कर लिया है। विश्व चैम्पियनशिप में अब तक किसी भारतीय ने कांस्य से अधिक नहीं जीता है। सायना ने लगातार छह बार क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के बाद पहली बार सेमीफाइनल और फिर फाइनल में पहुंची हैं।

विश्व की दूसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी सायना ने सेमीफाइनल में इंडोनेशिया की लिंडावेनी फानतेरी को 21-17, 21-17 से हराया। यह मैच 55 मिनट चला। फानतेरी और सायना के बीच यह चौथी भिड़ंत थी। सायना तीन बार विजयी रही हैं।

सायना ने शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल में चीन की यिहान वांग को 21-15 19-21 21-19 से हराया था। दूसरी ओर, फानतेरी ने क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे की ताए जू यिंग को 14-21, 22-20, 21-12 से पराजित किया था।

रविवार को होने वाले फाइनल मुकाबले में में सायना का सामना विश्व की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त स्पेन की केरोलिन मारिन से होगा। मारिन और सायना के बीच अब तक कुल चार बार भिड़ंत हुई है, जिसमें से तीन बार सायना विजयी रही हैं।

विश्व की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त और मौजूदा यूरोपीयन चैम्पियन मारिन ने शनिवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में दक्षिण कोरिया की जी ह्यून सुंग को 21-17 15-21 21-16 से हराया।

टूर्नामेंट की शीर्ष वरीय खिलाड़ी मारिन ने यह मैच एक घंटे 30 मिनट में अपने नाम किया। दोनों खिलाड़ियों के बीच यह छठी भिड़ंत थी। मारिन पांच बार विजयी रही हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493