सिडनी, 10 जून (आईएएनएस)। भारत की अग्रणी महिला बैडमिंटन स्टार सायना नेहवाल और शीर्ष पुरुष खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत शुक्रवार को उम्दा प्रदर्शन करते हुए 7.5 लाख डॉलर इनामी आस्ट्रेलियन ओपन सुपर सीरीज टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं।
टूर्नामेंट की सातवीं वरीय खिलाड़ी सायना ने क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड की रातनाचोक इंतानोन को 56 मिनट में 28-26, 21-16 से हराया।
दूसरी ओर, भारत के शीर्ष वरीय पुरुष खिलाड़ी श्रीकांत ने 36 मिनट तक चले मुकाबले में दक्षिण कोरिया के क्वालीफायर खिलाड़ी ही हो क्वांग को 21-18, 21-17 से हराया।
सायना अब अगले दौर में चौथी वरीय चीनी खिलाड़ी यिहान वांग से भिड़ेंगी। यह मुकाबला शनिवार को होगा। सायना ने अब तक वांग के खिलाफ अब तक कुल 15 मैच खेले हैं लेकिन चार में ही उन्हें जीत मिली है।
दूसरी ओर, श्रीकांत सेमीफाइनल में डेनमार्क के हांस क्रिस्टीयन विटिंघुस से भिड़ेंगे।
dharmpath.com dharmpath