बैडमिंटन : सिंधु, जयराम अगले दौर में, सायना, प्रनॉय हारकर बाहर (लीड-1)

वुहान (चीन), 26 अप्रैल (आईएएनएस)। एशिया बैडमिंटन चैम्पियनशिप में बुधवार का दिन भारत के लिए मिला जुला रहा। एशिया चैम्पियनशिप के महिला एकल वर्ग में पी. वी. सिंधु ने जीत दर्ज की तो सायना नेहवाल को पहले दौर में ही हार मिली।

वहीं पुरुष एकल वर्ग के पहले दौर में अजय जयराम मुकाबला जीतने में सफल रहे, वहीं एच.एस प्रनॉय पहले दौर में ही हार कर बाहर हो गए।

विश्व की तीसरी वरीयता प्राप्त भारतीय खिलाड़ी सिंधु ने पहले दौर में इंडोनेशिया की दिनार अयुस्टीने को सीधे सेटों में 21-8, 21-18 से मात देकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। रियो ओलम्पिक-2016 में रजत पदक हासिल करने वाली सिंधु दूसरे दौर में जापान की आया ओहोरी से भिड़ेंगी।

महिला एकल वर्ग के ही एक अन्य मुकाबले में जापान की सयाका साटो ने सातवीं वरीय सायना को 19-21, 21-16, 21-18 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखाया।

बुधवार को हुए पुरुष एकल वर्ग के मुकाबलों में भारत के जयराम ने अपने पहले दौर में उलटफेर कर पांचवें वरीय चीनी खिलाड़ी तियान हुवेई को संघर्षपूर्ण मैच में 21-18, 18-21, 21-19 से हराकर दूसरे दौर में कदम रखा। दूसरे दौर में जयराम का सामना चीनी ताइपे के सु जेन हाओ से होगा जिन्होंने हांग कांग के हु युन को मात देकर दूसरे दौर में जगह बनाई।

वहीं प्रनॉय पहले दौर के मैच में हांगकांग के एनजी का लोंग एंगुस से हारकर बाहर हुए। एंगुस ने प्रनॉय को कड़े मुकाबले में 21-16, 13-21, 21-19 से मात दी। यह मुकाबला एक घंटा एक मिनट तक चला।

इसके अलावा, भारत की मिश्रित युगल जोड़ी प्रणव जेरी चोपड़ा और एन. सिक्की रेड्डी को पहले दौर में चीन की शीर्ष वरीय जोड़ी झेंग सिवेई और चेन किंगचेन से 21-15, 14-21, 21-16 से हार का सामना कर बाहर होना पड़ा।

मिश्रित युगल में ही मनु अत्री और बी. सुमित रेड्डी की जोड़ी को चीन की फु हाइफेंग और झांग नान की जोड़ी ने 21-19, 21-18 से मात देकर टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखाया।

महिला युगल वर्ग में भी भारत को हार का सामना करना पड़ा। अश्विनी पोनप्पा और एन. सिक्की रेड्डी की जोड़ी को कोरिया की चे यो जंग और किम सो येयोंग की जोड़ी ने पहले दौर में 22-20, 21-16 से मात दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493