बैडमिंटन : स्विस ओपन के खिताबी मुकाबले में पहुंचे श्रीकांत

बासेल, 14 मार्च (आईएएनएस)। शीर्ष वरीय भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने शनिवार को हमवतन अजय जयराम को हराकर 120,000 डॉलर इनामी राशि वाले स्विस ओपन ग्रांप्री गोल्ड बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष एकल वर्ग के फाइनल में प्रवेश कर लिया।

सेमीफाइनल मुकाबले में दो दिन पहले ही विश्व वरीयता में एक स्थान की उछाल के साथ चौथे पायदान पर पहुंचने वाले श्रीकांत ने जयराम से पहला सेट हारने के बाद संघर्षपूर्ण वापसी करते हुए अगले दोनों गेम जीत लिए और मैच अपने नाम कर लिया।

श्रीकांत ने यह मैच 50 मिनट में 17-21, 21-15, 21-18 से जीता।

पहले गेम में अजय जयराम ने शानदार प्रदर्शन किया और 6-6 से स्कोर बराबर रहने के बाद लगातार छह अंक अर्जित कर अपनी बढ़त 12-6 कर ली। इसके बाद जयराम को पहला गेम जीतने में खास परेशानी नहीं हुई।

दूसरे गेम में भी जयराम ने अच्छी शुरुआत की और 12-8 से बढ़त बनाने में सफल रहे, लेकिन इसके बाद श्रीकांत ने अपना स्तर उठाते हुए लगातार सात अंक जीत पहले 15-12 की बढ़त ली। इसके बाद अगले छह अंक जुटाने के दौरान श्रीकांत ने जयराम को सिर्फ तीन अंक लेने दिए।

तीसरे गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। एक समय 12-6 से आगे चल रहे श्रीकांत को जयराम 12-12 पर लाने में सफल रहे, हालांकि इसके बाद कड़े और निकट मुकाबले में श्रीकांत अव्वल साबित हुए।

श्रीकांत अब रविवार को सेंट जैकबहॉल-1 में दूसरे वरीय डेनमार्क के विक्टर एक्सेलसेन और चीन के श्यू सोंग के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल मैच के विजेता से भिड़ेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493