बॉलीवुड अभिनेत्रियों ने किशोर अभिनेत्री से छेड़छाड़ की निंदा की

मुंबई, 11 दिसम्बर (आईएएनएस)। करीना कपूर खान, आलिया भट्ट और तापसी पन्नू जैसी बॉलीवुड अभिनेत्रियों ने एक किशोर अभिनेत्री से जुड़े कथित छेड़छाड़ के मामले को ‘दुखद और शर्मनाक’ बताकर निंदा की है।

17 वर्षीय अभिनेत्री ने अपने कटु अनुभव को साझा करते हुए कहा कि जब वे दिल्ली से मुंबई जाने वाली फ्लाइट में थीं तो उनके पीछे वाली सीट पर एक अधेड़ उम्र का शख्स अपने पैर से उनकी गर्दन और कमर को सहला रहा था। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

बॉलीवुड की महिला ब्रिगेड ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। घटना को सोशल मीडिया पर पीड़िता द्वारा साझा किया गया था।

करीना ने कहा, “मुझे लगता है कि महिलाएं, पुरुषों से ज्यादा शक्तिशाली हैं। हम योद्धा हैं जो जिंदगी में किसी भी हालात से लड़ सकती हैं। चाहे वे निजी तौर पर हों या पेशेवर। हम योद्धा के रूप में निखर कर सामने आती हैं।”

आलिया ने लड़कियों से किसी भी अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का आग्रह किया।

आलिया ने रविवार रात लक्स गोल्डेन रोज अवार्ड समारोह से इतर कहा, “बतौर महिला ऐसी चीजों के बारे में सुनकर बहुत बुरा लगता है। महिलाओं के साथ कुछ ऐसा होता है तो उन्हें इसके खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करनी चाहिए।”

‘पिंक’ फिल्म में दमदार किरदार निभाने वाली तापसी पन्नू ने कहा, “मैं उनके इस साहस की प्रशंसा करती हूं कि उन्होंने इस मुद्दे को सोशल मीडिया पर साझा किया।”

भूमि पेडनेकर ने कहा कि इस घटना से वह स्तब्ध रह गईं। उन्होंने कहा, “वह एक बच्ची है। यह हमारी संस्कृति की समस्या है। लोग सोचते हैं, खासकर अगर आप अभिनेत्री हैं कि आप उनकी संपत्ति हैं और यह मानसिकता बड़ा मुद्दा है। मुझे बेहद खुशी है कि उन्होंने स्टैंड लिया और इसके बारे में बोला क्योंकि इसके लिए काफी हिम्मत चाहिए।”

उर्वशी रौतेला और मौनी रॉय ने भी घटना की निंदा की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493