मुंबई, 18 फरवरी (आईएएनएस)। मॉडल-अभिनेत्री कोएना मित्रा सात साल के लंबे अंतराल के बाद बॉलीवुड में वापसी कर रही हैं। उनका कहना है कि उन्हें लंबे समय तक फिल्मी चकाचौंध से दूर रहने का मलाल नहीं है।
कोएना आखिरी बार 2008 में आई हिंदी फिल्म ‘अनामिका’ में नजर आई थीं।
उन्होंने मंगलवार को गहनों की एक दुकान के उद्घाटन अवसर पर कहा, “मुझे जिन फिल्मों के प्रस्ताव मिल रहे थे, वे बहुत अच्छी नहीं थीं। मुझे नहीं लगा कि वे फिल्में करना मेरे लिए सही होगा, इसलिए मैंने अपना समय कहीं और लगाया। मुझे इसका मलाल नहीं है।”
कोएना ने कहा, “मुझे आशा है कि अब मैं जो काम करूंगी, वह लोगों की नजर में आएगा और उन्हें पसंद भी आएगा।”
कोएना एक फिल्म के सिलसिले में अब लॉस एंजेलिस से वापस आ चुकी हैं और उन्हें इस फिल्म से काफी उम्मीदें हैं।
31 वर्षीया कोएना ने बताया, “इस साल मैं एक फिल्म कर रही हूं और उसी के लिए लॉस एंजेलिस से वापस आई हूं।”
लॉस एंजेलिस प्रवास के बारे में कोएना ने कहा, “मैं वहां प्रशिक्षण ले रही थी। मैंने दो फिल्में पूरी की और उसका अनुभव काफी बढ़िया रहा।”
dharmpath.com dharmpath