ब्रसेल्स, 23 मार्च (आईएएनएस)। बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में जावेंतेम हवाईअड्डा तथा एक मेट्रो स्टेशन पर भीषण आतंकवादी हमलों के एक दिन बाद बुधवार को इन हमलों के मुख्य संदिग्ध के गिरफ्तार होने की खबर है। हमलों में 34 लोग मारे गए, जबकि 250 से अधिक लोग घायल हो गए।
भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट कर कहा कि हमलों में घायल हुए दोनों भारतीय लोग स्वस्थ हो रहे हैं।
बीबीसी ने बेल्जियम मीडिया की रिपोर्ट के हवाले से बुधवार को कहा कि बेल्जियम के अधिकारियों ने जिस व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, उसका नाम नाजिम लाचरोई है, जो जावेंतेम हवाईअड्डे पर हमलों से पहले सीसीटीवी में दिख रहे तीनों व्यक्तियों में दाईं ओर टोपी पहने है।
बेल्जियम मीडिया की बुधवार की रिपोर्ट के मुताबिक, कथित जेहादी लाचरोई को ब्रसेल्स के उपनगर अंडरलेक्ट में बुधवार को गिरफ्तार किया गया। दो अन्य हमलवारों का नाम खालिद व ब्राहिम अल-बकरोई हैं, जो फिदायीन हमलावरों में थे। दोनों भाई थे।
बम हमलों के बाद बेल्जियम में तीन दिनों का शोक मनाया जा रहा है। मृतकों की याद में सुबह 11 बजे एक मिनट का मौन रखा गया।
हमले की आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट ने जिम्मेदारी ली है, साथ ही और हमले की धमकी दी है। अधिकारियों ने हालांकि कहा है कि हमलों में यही संगठन शामिल था, यह कहना जल्दबाजी होगी।
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारी संदिग्धों की पहचान के लिए सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रहे हैं।
घायल दोनों भारतीयों के स्वस्थ होने की जानकारी की पुष्टि करते हुए सुषमा स्वराज ने ट्वीट किया, “मैंने बेल्जियम में भारत के राजदूत मंजीव पुरी से बात की है। उन्होंने मुझे सूचना दी है कि घायल हुए दोनों भारतीय नागरिक निधि व अमित स्वस्थ हो रहे हैं।”
उन्होंने यह भी कहा कि एक अन्य भारतीय राघवेंद्रण गणेश का पता लगाने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है।
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, “हम अपने नागरिकों को बाहर निकालने के लिए वैकल्पिक योजनाओं पर जेट एयरवेज के साथ समन्वय कर रहे हैं।”
एयरलाइन के मुताबिक, घायल चालक दल के सदस्य अस्पताल में सुरक्षित हैं। हमारे कर्मचारी ब्रसेल्स में स्थानीय अधिकारियों व अस्पतालों के साथ समन्वय में लगे हैं, ताकि चिकित्सा सुविधा में कोई कमी न हो।
दोहरे फिदायीन हमलों को अंजाम देने वाले दोनों हमलावरों की पहचान दो भाई खालिद एवं ब्राहिम अल बकरोई के रूप में हुई है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने टेलीविजन चैनल आरटीबीएफ के हवाले से दी गई रिपोर्ट में कहा है कि दोनों भाई ब्रसेल्स के निवासी हैं, जो पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं, लेकिन स्थानीय पुलिस ने दोनों को अब तक किसी आतंकवादी गतिविधि में लिप्त नहीं पाया था।
बेल्जियम के समाचार पत्र ‘ला डर्नियर ह्यूर’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों संदिग्ध सूटकेस में विस्फोटक भरकर जावेंतेम हवाईअड्डा पहुंचे थे।
समाचार एजेंसी एफे न्यूज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, समाचार पत्र ने जावेंतेम के महापौर फ्रांसिस वर्मियरेन के हवाले से कहा कि सीसीटीवी में हवाईअड्डे पर हमलों को अंजाम देनेवाले कथित तौर पर तीन हमलावर दिखे हैं। वे टैक्सी से सूटकेस के साथ आए थे, जिनमें बम भरा था।
उसी सूत्र के मुताबिक, उन्होंने सूटकेस को ट्रॉली के ऊपर रखा, जिसके बाद पहले दो बमों में विस्फोट हुआ।
वर्मियरेन के मुताबिक, तीसरा बम एक ट्रैवल बैग में रखा था, जो ट्रॉली के ऊपर था, लेकिन कथित आतंकवादी घबरा गए होंगे, जिसके कारण उसमें विस्फोट नहीं कर पाए।
टैक्सी चालक ने कहा कि तीनों लोगों ने एक बड़ी कार मंगवाई थी और जब वह छोटी कार लेकर आया, तो वे बहुत गुस्सा हुए थे, क्योंकि उस कार में पांच सूटकेस नहीं आ रहे थे।
समाचार पत्र ‘हेत लातस्ते नियूवस’ के मुताबिक, जिस टैक्सी चालक ने उन्हें हवाईअड्डे तक छोड़ा था, उसने याद करते हुए कहा कि संदिग्धों ने उसे सूटकेस उठाने में मदद करने से मना कर दिया था। ऐसा संकेत मिलता है कि उन लोगों की असल योजना पांच सूटकेस के साथ जावेंतेम पहुंचने की थी।
हवाईअड्डे पर सीसीटीवी फुटेज में तीन लोग कैद हुए, जिनमें हर के हाथ में एक सूटकेस था।
dharmpath.com dharmpath