ब्रासीलिया, 17 फरवरी (आईएएनएस)। ब्राजील की ओडब्रेख्त कंपनी से जुड़े बड़े पैमाने के भ्रष्टाचार के मामले में सहयोग करने के लिए 11 देशों के अभियोजक सहमत हो गए हैं।
‘एफे’ की रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले में ब्राजील, अर्जेटीना, चिली, कोलंबिया, इक्वाडोर, मेक्सिको, पनामा, पुर्तगाल, पेरू, द डोमिनिकन रिपब्लिक और वेनेजुएला गुरुवार को व्यापक, तेज और प्रभावी सहयोग देने पर सहमत हो गए।
यह बैठक ब्राजील के अटॉर्नी जनरल ऑफिस ने आयोजित की थी, जिसमें 10 देशों के मुख्य कानून प्रवर्तन अधिकारी शामिल हुए।
यह सभी देश भ्रष्टाचार मामले में निर्माण कंपनी के शामिल होने और ठेका हासिल करने के लिए मोटी रिश्वत देने के आरोप की जांच करेंगे।
कड़ी गोपनीयता के बीच आयोजित बैठक के बाद जारी एक विज्ञप्ति में प्रतिभागी देशों ने कहा कि वे ब्राजील और अन्य देशों में जहां ओडब्रेख्त कंपनी कथित रूप से अवैध गतिविधियों में शामिल रही है, ऐसे तमाम मामलों की जांच के लिए द्विपक्षीय और बहुपक्षीय संयुक्त टीमें बनाने पर सहमत हो गए हैं।
dharmpath.com dharmpath