रियो डी जनेरियो, 2 जून (आईएएनएस)। स्पेन के अग्रणी फुटबाल क्लब बार्सिलोना के लिए खेलने वाले स्टार ब्राजीलियाई स्ट्राइकर नेमार कोपा अमेरिका में ब्राजील और मेक्सिको के बीच होने वाले अभ्यास मैच में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। ब्राजील फुटबाल संघ ने इसकी घोषणा की।
नेमार बार्सिलोना के सात जून को होने वाले चैम्पियंस लीग के फाइनल मैच में व्यस्त होने के कारण इस मैच के लिए ब्राजील को उपलब्ध नहीं होंगे।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, बार्सिलोना और इतालवी क्लब जुवेंतस के बीच सात जून को होने वाले चैम्पियंस लीग के फाइनल मैच के बाद नेमार ब्राजील की राष्ट्रीय टीम से जुड़ जाएंगे।
ब्राजीलियाई कोच डुंगा द्वारा कोपा अमेरिका कप के लिए चुनी गई 25 सदस्यीय टीम में से सिर्फ तीन खिलाड़ी ही अनुपलब्ध हैं।
नेमार के अलावा युक्रेन के क्लब शख्तर डोनेत्स्क के लिए खेलने वाले डगलस कोस्टा और संयुक्त अरब अमीरात के क्लब अल अहली के लिए खेलने वाले एवर्टन रिबेइरो भी इस अभ्यास में हिस्सा नहीं ले सकेंगे।
कोपा अमेरिका में ब्राजील को कोलंबिया, पेरू और वेनेजुएला के साथ रखा गया है तथा टूर्नामेंट का आयोजन 11 जून से चार जुलाई तक चलेगा।
dharmpath.com dharmpath