ब्राजील के साओ पाउलो में तूफान, 21 की मौत

साओ पाउलो, 12 मार्च (आईएएनएस)। ब्राजील के साओ पाउलो के मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र में आए तूफान में 21 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।

आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि तूफान के साथ-साथ खूब बारिश भी हुई है, जिसकी वजह से कई शहर जलमग्न हो गए हैं।

साओ पाउलो के मेरीपोरा में गुरुवार रात मिट्टी धंसने से चार लोगों की मौत हो गई, जिनमें से एक छोटा बच्चा भी है, जबकि सात अन्य घायल हो गए। यहां कई घर बन रहे थे।

दमकलकर्मियों ने शुरू में बताया था कि शहर में पांच लोगों की मौत हो गई है। हालांकि बाद में मृतकों की संख्या चार बताई गई।

प्रशासन ने स्थानीय मीडिया को बताया कि मेरीपोरा में आठ लोग लापता हैं। यहां लगभग 80,000 लोग रहते हैं।

साओ पाउलो के एक अन्य शहर फ्रांससिस्को डी मोराटो क्षेत्र में मिट्टी धंसने से 11 और लोगों की मौत हो गई और कई स्थानीय लोगों को बचाया गया।

इतापेवी में भी मिट्टी धंसने से दो लोगों की मौत हो गई।

ग्वारूल्होस और काजामर में दो-दो लोगों की मौत डूबने से हो गई।

दमकलकर्मियों ने सुबह साओ पाउलो के विभिन्न हिस्सों में कड़ी मशक्कत की। कई इलाकों में भारी बारिश की वजह से बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। नहरें और नदियां उफान पर हैं।

साओ पाउलो-गवारूल्होस अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे को तूफान के कारण छह घंटे के लिए बंद करना पड़ा। हालांकि बाद में संचालन बहाल कर दिया गय। तूफान व बारिश के कारण रेल परिचालन भी बंद कर दिया गया, जिसके कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

प्रशासन ने आगामी दिनों में अत्यधिक बारिश और मिट्टी धंसने की आशंकाओं के मद्देनजर जोखिम वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को घर खाली करने की सलाह दी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493