रियो डी जनेरियो, 12 दिसम्बर (आईएएनएस)। ब्राजीलियाई फुटबाल सत्र के अंतिम दिन सभी क्लबों और प्रशंसकों ने कोलंबिया विमान हादसे का शिकार हुए पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी।
इस हादसे में केपोकोएंसी क्लब के खिलाड़ी, कोच और अन्य स्टॉफ सदस्य शामिल थे।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, पिछले सप्ताह हुए इस विमान हादसे में 77 में से 71 लोगों की मौत हो गई। बोलीविया से कोलंबिया जा रहा यह विमान 28 नवम्बर को मेडेलिन के पास पहाड़ियों में दुर्घटनाग्रस्त हुआ।
ब्राजील सेरी-ए लीग की अधिकतर टीमों ने रविवार को अपनी जर्सी के साथ केपोकोएंसी क्लब के लोगो को भी पहना था। रविवार को हुए सभी मुकाबलों की शुरुआत से पहले एक मिनट का मौन रखा गया।
कोलंबिया विमान हादसे की जांच जारी है। ऐसा माना जा रहा है कि ईंधन की कमी के कारण यह हादसा हुआ।
इस मामले में बोलीविया ने लामिया एयरलाइन कंपनी का लाइसेंस रद्द कर दिया। अध्यक्ष एवो मोरालेस ने पूर्ण रूप से जांच का वादा किया है।
उल्लेखनीय है कि केपोकोएंसी क्लब के खिलाड़ी इस विमना से कोलंबिया जा रहे थे। वहां, उन्हें एटलेटिको नेक्शनल के साथ कोपा सुदामेरिकाना कप का फाइनल मुकाबला खेलना था।
नेक्शनल के आग्रह के बाद पिछले सप्ताह केपोकोएंसी क्लब को सुदामेरिकाना कप का खिताब दिया गया था।
dharmpath.com dharmpath