ब्राजीलिया, 12 मई (आईएएनएस)। ब्राजील ने जीका वायरस के घटते मामलों के मद्देनजर पूर्व में इसे लेकर घोषित आपात परिस्थति खत्म कर दी है। इसकी औपचारिक घोषणा कर दी गई है।
बीबीसी के अनुसार, देश के स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने एक बयान में कहा कि जनवरी से अप्रैल के बीच पिछले साल इसी अवधि के मुकाबले जीका के मामलों में 95 फीसदी गिरावट आई है।
बयान के मुताबिक, इसी अवधि में 2016 के 1,70,535 मामलों के मुकाबले इस साल 7,911 मामले दर्ज हुए।
यह भी बताया गया कि इस साल इस वायरस से किसी की मौत नहीं हुई, जबकि पिछले साल आठ लोगों की मौत हो गई थी।
ब्राजील ने नवंबर 2015 में जीका के मामलों में वृद्धि के मद्देनजर राष्ट्रीय आपात की घोषणा की थी।
पिछले साल ओलंपिक खेलों की मेजबानी के दौरान इस वायरस का खतरा चरम पर था।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने भी अंतर्राष्ट्रीय आपात घोषित कर रखा था, जिसे उसने पिछले साल नवंबर में हटा लिया।
इसका असर 30 देशों में देखा गया।
dharmpath.com dharmpath