रियो डी जनेरियो, 30 जुलाई (आईएएनएस)। ब्राजील सेरी-ए लीग चैम्पियनशिप में खेले गए मैच में साओ पाउलो ने बोटाफोगो को 4-3 से मात दी।
शनिवार देर रात खेले गए इस मैच में ब्राजील के पूर्व अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी एंडरसन हर्नानेस ने भी गोल दागा। उन्होंने साओ पाउलो क्लब में वापसी के बाद अपना पहला मैच खेला।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, पेरू के अंतर्राष्ट्रीय मिडफील्डर क्रिस्चियन सुएवा ने 18वें मिनट में गोल कर साओ पाउलो का खाता खोला।
इसके बाद मार्कोस विनिसियस ने 19वें और 25वें मिनट में दो गोल दागकर बोटाफोगो को साओ पाउलो पर 2-1 से बढ़त दिला दी।
इसके बाद दूसरे हाफ में गुइलहेर्मे अगस्टो ने 69वें मिनट में बोटाफोगो के लिए तीसरा गोल दागा।
बोटाफोगो की इस बढ़त के बाद साओ पाउलो के खिलाड़ियों ने शानदार वापसी करते हुए अंतिम 10 मिनट में तीन गोल किए और 4-3 से जीत हासिल की।
साओ पाउलो के लिए ये तीन गोल मार्कोस गुइलहेर्मे (84वें मिनट, 92वें मिनट) और हर्नानेस (86वें मिनट) ने किए।
dharmpath.com dharmpath