लंदन, 12 नवंबर (आईएएनएस)। ब्रिटेन और अमेरिका से संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव की पचास साल पहले रहस्यमय हालात में हुई मौत के संबंध में गुप्त जानकारियों के खुलासे का आग्रह किया गया है।
‘गार्डियन’ की रविवार की रिपोर्ट के मुताबिक, 1961 में रहस्यमय तरीके से अफ्रीका में हवाई दुर्घटना में हुई डैम हैमरस्जोल्ड की मौत के बारे में संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। स्वीडिश नागरिक डैम हैमरस्जोल्ड ने संयुक्त राष्ट्र के दूसरे महासचिव के रूप में अपनी सेवाएं दी थीं।
रिपोर्ट के मुताबिक पिछले महीने संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि इस बात के काफी सबूत मिले हैं कि डैम हैमरस्जोल्ड, अल्बर्टिना डीसी 6 के जिस विमान में उड़ान भर रहे थे, उसे जांबिया में नडोला शहर के नजदीक जंगलों में एक दूसरे विमान ने मार गिराया था।
रिपोर्ट में अब से पहले अमेरिका, युनाइटेड किंगडम, बेल्जियम, कनाडा और जर्मनी की सरकारों की ओर से मामले में दी गई सूचनाओं पर विचार किया गया है और यह उल्लेख किया गया है कि अमेरिका और ब्रिटेन की सरकारों के पास उस समय उस इलाके में इंटरसेप्ट किए गए रेडियो ट्रैफिक संदेश की जानकारी है।
डैम हैमरस्जोल्ड आयोग का गठन करने वाले न्यासियों के चेयरमैन डेविड एडवर्ड ली ने ब्रिटेन के विदेश मंत्री बोरिस जॉनसन और अमेरिकी विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि दोनों देशों की सरकारों को अब यह बात सार्वनजिक करनी ही चाहिए कि उनके पास इस घटना से संबंधित रेडियो ट्रैफिक संदेश हैं या नहीं हैं। इसी आयोग ने इस मामले की जांच के लिए संयुक्त राष्ट्र को राजी किया था।
ली ने अपने पत्र में कहा है, “यह सोचना नामुमकिन है कि अमेरिका के अभिलेखागार में इस इंटरसेप्ट किए गए संदेश की प्रतिलिपि नहीं होगी और शायद ब्रिटेन के अभिलेखागार में भी नहीं होगी।”
गार्डियन की रिपोर्ट के मुताबिक जब डैम हैमरस्जोल्ड की मौत हुई थी, उससे पहले वह कांगो का एकीकरण करने का प्रयास कर रहे थे।
बेल्जियम के एक पूर्व पायलट ने कहा था कि उसने अल्बर्टिना विमान का रुख नडोला से किसी दूसरे हवाई अड्डे की ओर करने का प्रयास किया था और इस दौरान दुघर्टनावश उस पर गोली दागकर उसे गिरा दिया था। उसने चेतावनी में गोली (वार्निग शॉट्स) दागी थी जिनमें से एक दुर्घटनावश अल्बर्टिना विमान के डैने को जा लगी और विमान गिरकर तबाह हो गया।
dharmpath.com dharmpath