लंदन, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। फार्मूला वन चालक लुइस हेमिल्टन ब्रिटेन के सबसे अमीर खिलाड़ी बन गए हैं। उनकी कुल सम्पत्ति 8.8 करोड़ पाउंड आंकी गई है।
ब्रिटेन के समाचार पत्र द संडे टाइम्स ने रविवार को ब्रिटेन के सबसे अमीर खिलाड़ियों की जो सूची प्रकाशित की, उसमे हेमिल्टन पहले, फुटबाल स्टार वेन रूनी दूसरे और एफ-1 चालक जेनसन बटन तीसरे क्रम पर हैं।
रूनी की कुल सम्पत्ति 7.2 करोड़ पाउंड बताई गई है जबकि बटन के पास 7.1 करोड़ पाउंड धन है। चौथे स्थान पर काबिज टेनिस स्टार एंडी मरे के पास 4.8 करोड़ पाउंड सम्पत्ति है।
बीते साल हेमिल्टन की कुल सम्पत्ति 6.8 करोड़ पाउंड थी लेकिन लगातार दो बार विश्व चैम्पियनशिप जीतने के बाद उनकी आय में जबरदस्त इजाफा हुआ।
हेमिल्टन एक साल में अपनी आय में 2 करोड़ पाउंड का इजाफा करने में सफल रहे जबकि इस दौरान रूनी की आय में 1.2 करोड़ का इजाफा हुआ।
मरे बीते साल पांचवें क्रम पर थे लेकिन इस साल वह चौथे क्रम पर पहुंच गए हैं। फुटबाल स्टार रियो फर्दीनांड 4.4 करोड़ पाउंड के साथ पांचवें क्रम पर हैं। वह एक स्थान नीचे गए हैं।
dharmpath.com dharmpath