लंदन, 1 अगस्त (आईएएनएस)। ब्रिटेन में विमान हादसे में अलकायदा के पूर्व प्रमुख ओसामा बिन लादेन की बहन और सौतेली मां की मौत हो गई है।
मीडिया में आ रही खबरों के मुताबिक, हादसा हैंपशायर काउंटी इलाके के येट्ले में ब्लैकबुशे हवाईअड्डे के पास हुआ। मिलान जा रहा विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर एक कार नीलामी सेंटर पर गिर गया। हादसे में पायलट और विमान में सवार तीन अन्य लोगों की मौत हो गई।
द टेलीग्राफ ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि मृतकों में ओसामा बिन लादेन की सौतेली मां राजा हाशिम और बहन सना शामिल हैं। माना जा रहा है कि हादसे में सना के पति जुहैर हाशिम की भी मौत हो गई है।
ब्रिटेन में सऊदी अरब के राजदूत ने ट्वीटर पर इन मौतों की पुष्टि की है और अपनी शोक संवेदना व्यक्त की है।
सऊदी दूतावास ने कहा है कि उसका संपर्क ब्रिटिश अधिकारियों से बना हुआ है ताकि शवों की जल्द से जल्द सुपुर्दगी हो सके और मृतकों का सऊदी अरब में अंतिम संस्कार किया जा सके।
कहा जा रहा है कि विमान एंबरायर फेनम 300 पूर्व अल कायदा प्रमुख ओसामा बिन लादेन के परिवार का निजी विमान था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कई विस्फोट हुए और उसके बाद उन्होंने विमान को एक आग के गोले में बदलते देखा।
हैंपशायर पुलिस ने बताया है कि पायलट और विमान के सभी तीन मुसाफिरों की मौत हो गई, लेकिन जमीन पर कोई घायल नहीं हुआ।
dharmpath.com dharmpath