लंदन, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। ब्रिटेन के प्रसिद्ध अंग्रेजी उपन्यासकार, कवि और नाटककार विलियम शेक्सपियर विश्व स्तर पर ब्रिटेन से अधिक लोकप्रिय हैं। एक नए सर्वेक्षण ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, ‘ऑल द वर्ल्ड’ और यूजीवोवी द्वारा किए गए सर्वेक्षण में साबित हुआ है कि यह महान नाटककार दूसरे देशों में 65 प्रतिशत और अपने ही देश में 59 प्रतिशत लोगों के बीच लोकप्रिय है।
नवंबर, 2015 में किए गए इस सर्वेक्षण में दुनिया भर के 15 देशों के 18,000 प्रतिभागियों को शामिल किया गया था। सर्वेक्षण में पता चला कि केवल ब्रिटेन के 59 प्रतिशत लोग ही शेक्सपियर को पसंद करते हैं। वहीं वह चीन के 68 प्रतिशत लोगों की पसंद हैं।
शेक्सपियर को पसंद करने वाले मुख्य पांच देशों में भारत (89 प्रतिशत), मेक्सिको (88 प्रतिशत), ब्राजील (87 प्रतिशत), तुर्की (79 प्रतिशत), और दक्षिण अफ्रीका (73 प्रतिशत) शामिल हैं।
इस सर्वेक्षण में जर्मनी (51 प्रतिशत) और फ्रांस (44 प्रतिशत) सबसे पीछे हैं।
इस सर्वेक्षण में ब्रिटेन के 57 प्रतिशत लोगों की तुलना में 84 प्रतिशत ब्राजीलियाई नागरिकों ने शेक्सपियर को मौजूदा समय के लिए प्रासंगिक माना। वहीं ब्रिटेन के 58 प्रतिशत लोगों की तुलना में 83 प्रतिशत भारतीयों ने कहा कि वह शेक्सपियर को समझते हैं।
इस नए सर्वेक्षण ने 21वीं सदी में शेक्सपियर के निरंतर महत्व और प्रासंगिकता को भी रेखांकित किया है। प्रतिभागियों में एक-तिहाई लोगों ने कहा कि शेक्सपियर के विचारों ने ब्रिटेन के बारे में अधिक सकारात्मकता का अनुभव कराया है।
dharmpath.com dharmpath