लंदन, 22 दिसम्बर (आईएएनएस)। ब्रिटेन में भारतीय मूल के दो मित्रों ने ब्रिटिश हार्ट फाउंडेशन (बीएचएफ) को वित्तीय मदद के लिए एक कार द्वारा ब्रिटेन के ग्रेवसेंड शहर से अमृतसर तक रिकॉर्ड समय में यात्रा कर 25 हजार पौंड की रकम इकट्ठा करने की योजना बनाई है। एक मीडिया रिपोर्ट से मंगलवार को यह जानकारी मिली।
केंटोनलाइन की एक रपट के मुताबिक, जगजीत सिंह ग्रेवाल व रपिंदर सिंह चीमा ग्रेवसेंड के सैडिंगटन स्ट्रीट स्थित गुरु नानक दरबार गुरुद्वारे से एक कार द्वारा इस यात्रा की शुरुआत करेंगे। इस दौरान वे 14 दिनों में 17 देशों की यात्रा कर अमृतसर के स्वर्ण मंदिर पहुंचेंगे।
दोनों ने उम्मीद जताई है कि बेहद कम समय में वे अंतर महाद्वीपीय यात्रा का रिकॉर्ड कायम करेंगे और उनका नाम लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज होगा।
कैंटोनलाइन के मुताबिक, ग्रेवाल ने कहा, “हम होटलों में आराम करेंगे और इस दौरान हमारे वाहन की गति की कोई सीमा नहीं होगी।” उन्होंने कहा, “वर्तमान में लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड में साल 2013 में 40 दिनों में 16 देशों की यात्रा का रिकॉर्ड है।”
ग्रेवाल व चीमा ने केवल रोमांच के लिए साल 2011 में इस चुनौतीपूर्ण यात्रा की योजना बनाई थी। लेकिन साल 2012 में ग्रेवाल के पिता की हृदयाघात से मौत के बाद यह योजना बीएचएफ के लिए फंड उगाहने की योजना में तब्दील हो गई।
यात्रा के दौरान वित्तीय मदद के लिए दोनों ने एक वेबसाइट ‘जस्ट गिविंग डॉट कॉम/ग्रेवसेंडटूअमृतसर’ बनाई है, जिसके माध्यम से इच्छुक लोग उन्हें वित्तीय मदद मुहैया करा सकते हैं।
dharmpath.com dharmpath