लॉस एंजेलिस, 20 मार्च (आईएएनएस)। ऑस्कर विजेता अभिनेत्री केट ब्लैंचेट का कहना है कि धारावाहिक ‘डाउनटन ऐबी’ के निर्माताओं ने इसका हिस्सा बनने के लिए की जा रही उनकी कोशिशों को नजरअंदाज कर दिया है।
वेबसाइट ‘डेलीमेल डॉट को डॉट यूके’ की रिपोर्ट के अनुसार, ब्लैंचेट ने बुधवार को टेलीविजन शो ‘लोरेन’ पर शिरकत करने के दौरान ‘डाउनटन ऐबी’ में काम करने की इच्छा जाहिर की।
उन्होंने कहा, “मैंने वादा किया था और मैंने अपने एजेंट के साथ इस पर आगे काम किया। अभी तक कोई फोन नहीं आया है।”
ब्लैंचेट की ‘डाउनटन ऐबी’ की अभिनेत्री लिली जेम्स से दोस्ती है। ब्लैंचेट का कहना है कि वह लिली से निर्माताओं को अपने बारे में अच्छी बातें बताने के लिए कहेंगी।
उन्होंने कहा, “मैं आज फिर लिली से मिल रही हूं, तो मैं उनसे धारावाहिक के निर्माताओं से मेरे बारे में अच्छी बातें करने के लिए कहूंगी।”
dharmpath.com dharmpath