सिडनी, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। आस्ट्रेलियाई राज्य क्वींसलैंड, अन्य राज्यों की मदद से भांग का औषधीय परीक्षण करेगा। यह जानकारी सोमवार को क्वींसलैंड की प्रीमियर अनास्तासिया पलस्जक्जुक ने दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, अनास्तासिया ने बताया कि सरकार भांग के औषधीय परीक्षण के लिए न्यू साउथ वेल्स और विक्टोरिया राज्य के साथ काम करेगी।
उन्होंने एक प्रेस सम्मेलन में बताया, “यहां और विदेशों, दोनों जगह भांग के औषधीय उपचार के लाभों पर बहुत बहस हो चुकी है।”
उन्होंने बताया, “मुझे क्वींसलैंड के परिवारों के पत्र मिले हैं जिनमें हमारी सरकार से, एनएसडब्ल्यू (न्यू साउथ वेल्स) सरकार द्वारा किए जा रहे परीक्षण में हिस्सा लेने का आग्रह किया गया है।”
उन्होंने बताया, “पिछले सप्ताह ही मैंने टूवूम्बा (क्वींसलैंड का एक शहर) में एक मां से बातचीत की थी, जिसका बेटा मिरगी से पीड़ित था। वह चाहती थी कि सरकार इस तरह उपचार के परीक्षण के लिए कदम उठाए।”
अनास्तासिया ने बताया, “मैंने क्वींसलैंड के लोगों के विचारों को सुना और अब मेरी सरकार वह प्रतिबद्धता दिखाएगी।”
भांग एक प्रकार का पौधा होता है जो कीमोथेरेपी में मतली और उल्टी को कम करने के लिए प्रयोग किया जाता है। एचआईवी/एड्स के रोगियों में दर्द और ऐंठन का उपचार करने में इसका प्रयोग किया जाता है।
dharmpath.com dharmpath