भाजपा गंदा खेल, खेल रही : कमलनाथ

भोपाल, 18 मार्च – मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भाजपा पर लोकतांत्रिक मूल्यों और अधिकारों के दमन का बुधवार को आरोप लगाया है, साथ ही कहा है कि भाजपा द्वारा गंदा खेल, खेला जा रहा है। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित अन्य कांग्रेस नेताओं को बेंगलुरू में बागी विधायकों से मुलाकात न करने देने पर प्रतिक्रिया व्यक्त की और ट्वीट किया, “बेंगलुरू में भाजपा द्वारा बंधक बनाए गए कांग्रेस विधायकों से मिलने गए कांग्रेस के राज्यसभा उम्मीदवार दिग्विजय सिंह व कांग्रेस के मंत्रियों, विधायकों को मिलने से रोकना, उनसे अभद्र व्यवहार करना, उन्हें बलपूर्वक हिरासत में लेना पूरी तरह तानाशाही व हिटलरशाही है।”

बेंगलुरू से सामने आ रहे घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कमलनाथ ने कहा, “पूरा देश आज देख रहा है कि एक चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने के लिए किस प्रकार से भाजपा द्वारा लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या की जा रही है। क्यों विधायकों से मिलने नहीं दिया जा रहा है, आखिर किस बात का डर भाजपा को है?”

उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा एक गंदा खेल प्रदेश में खेला जा रहा है। लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक मूल्यों व अधिकारों का दमन किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री कमलनाथ का कहना है, “हिरासत में लिए गए हमारे नेताओं को शीघ्र रिहा किया जाए और बंधक विधायकों से मिलने की इजाजत दी जाए। न अभी भाजपा के पास बहुमत है, न शिवराज सिंह को भाजपा विधायक दल ने अपना नेता चुना है, न भाजपा की सरकार बनी है, न कभी बनेगी, लेकिन शिवराज सिंह चौहान की मुख्यमंत्री बनने के लिए हड़बड़ाहट, बेचैनी पूरा प्रदेश देख रहा है।”

भाजपा के नेताओं पर बेचैनी का आरोप लगाते हुए कहा, “किस प्रकार सत्ता के लिए वे बेचैन हो रहे हैं। उन्हें नींद नहीं आ रही है, दिन में भी मुख्यमंत्री पद के सपने देख रहे हैं। अधिकारियों को धमका रहे हैं। उनकी स्थिति पर मुझे तरस आ रहा है।”

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493