भाजपा ने माफियाओं के धन-बल से साजिश रची : कमलनाथ

भोपाल, 4 मार्च – मध्य प्रदेश की सरकार को अस्थिर करने के लिए चल रही कोशिशों के बीच मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भाजपा पर बड़ा हमला बोला है। उनका कहना है कि भाजपा ने माफियाओं के धनबल के दम पर साजिश-षड्यंत्र रचा, मगर उसके मंसूबे मुंगेरीलाल के हसीन सपने ही साबित होंगे। राज्य में विधायकों की खरीद-फरोख्त का मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री कमलनाथ की ओर से बुधवार को जारी किए गए एक बयान में कहा गया है, “माफियाओं के साथ मिलकर भारतीय जनता पार्टी, प्रदेश कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने का असफल प्रयास पिछले कई दिनों से कर रही है। भू-माफिया, संगठित अपराध माफिया, नकली दवाओं का व्यापार, शुद्ध के खिलाफ युद्ध का जो अभियान सरकार पिछले कई महीनों से चला रही है, ये सभी माफिया भाजपा के संरक्षण में पिछले 15 सालों में पनपे हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “राज्य की जनता को इन माफियाओं से मुक्त कराने का व प्रदेश को माफिया मुक्त बनाने का अभियान भाजपा को रास नहीं आ रहा है। इन माफियाओं के धनबल के दम पर वह साजिश-षड्यंत्र रच कर आलोकतांत्रिक तरीके से सत्ता में आने के मंसूबे पाल रही है। भाजपा का लोकतंत्र में विश्वास नहीं, उनका विश्वास साजिश, षड्यंत्र व धनबल में है।”

राज्य के बदलते हालात का जिक्र करते हुए कमलनाथ ने कहा, “दरअसल भाजपा को भय है कि किसानों की कर्जमाफी, बेरोजगारों को रोजगार देने की कोशिशें, प्रदेश में बढ़ता निवेश, लोगों की आस्थाओं के सम्मान से उसका जनाधार निरंतर खिसक रहा है। वह भयभीत है कि आने वाले पांच साल में कांग्रेस सरकार अपनी उपलब्धियों से जनता का पुन: विश्वास हासिल करेगी।”

सत्ता में आने के बाद वादों को पूरा करने का दावा करते हुए कमलनाथ ने कहा, “कांग्रेस की सरकार ने यह साबित कर दिया है कि यह घोषणाओं की सरकार नहीं है, काम करने वाली सरकार है। यह प्रतिबद्ध है अपने वचन-पत्र के एक-एक वादों का पूरा करने के लिए। जनता से जो विश्वास शक्ति प्राप्त हुई है, इसके बल पर मध्यप्रदेश को देश के शीर्ष राज्यों की गणना में लाकर खड़ा कर देंगे, यह भय भाजपा को सता रहा है। इसलिए वह लोकतंत्र व संवैधानिक मूल्यों की हत्या कर मध्यप्रदेश की साढ़े सात करोड़ जनता के जनादेश का अपमान कर सत्ता में आने के लिए छटपटा रही है।”

राज्य की कांग्रेस सरकार को पूर्ण बहुमत न होने के आरोपों पर कमलनाथ ने कहा, “कांग्रेस सरकार के पास पूरा बहुमत है। यह हमने विधानसभा में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के चुनाव में, बजट को पारित कराने में साबित किया है। भाजपा को हर बार मुंह की खानी पड़ी है। हर बार की तरह इस बार भी भाजपा के मंसूबे मुंगेरीलाल के हसीन सपने साबित होंगे।”

उन्होंने कहा है, “भाजपा ने गोवा, कर्नाटक, महाराष्ट्र, हरियाणा सहित कई राज्यों में लोकतंत्र व संवैधानिक मूल्यों की हत्या करने का काम किया है, उसी कड़ी में प्रदेश में भी यही दोहराने का प्रयास वह कर रही है। हमें हमारे सभी विधायकों पर पूर्ण विश्वास है, उनकी निष्ठा-ईमानदारी पर हमें कोई संदेह नहीं है।”

मुख्यमंत्री ने का कहना है, “भाजपा की साजिशों-षड्यंत्रों के बावजूद कर्तव्य पथ पर हम डिगेंगे नहीं, रुकेंगे नहीं, बल्कि और मजबूती से चलते रहेंगे। प्रदेश की तस्वीर बदलना हमारा लक्ष्य है, प्रदेश को माफिया मुक्त बनाना हमारा लक्ष्य है, मिलावट मुक्त बनाना हमारा लक्ष्य है, प्रदेश को ऊंचाइयों पर ले जाना हमारा लक्ष्य है, प्रदेश हित हमारे लिए सवरेपरि है, हर वर्ग का विकास हमारा लक्ष्य है, प्रदेश की जनता का विश्वास हमारे साथ है। प्रदेशवासी इस सच्चाई को जानते हैं व भाजपा के इन कृत्यों को देख रहे हैं और वक्त आने पर इसका जवाब भी देंगे।”

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493