भारतीयों को ‘कंपैरिजन मोड’ में रहना पसंद : अहमद खान (साक्षात्कार)

31 मार्च (आईएएनएस)। ‘बागी-2’ का एक गाना फिल्म से ज्यादा चर्चा में रहा, वजह थीं माधुरी दीक्षित। यह गाना ‘तेजाब’ में माधुरी के आइकॉनिक गाने ‘एक दो तीन’ का रीमेक था। गाने के रीमेक में जैकलिन की तुलना माधुरी से होनी स्वाभाविक थी, जिसे लेकर जैकलिन को आलोचनाएं भी झेलनी पड़ीं, लेकिन फिल्म के निर्देशक अहमद खान अभिनेत्री के बचाव में टका सा जवाब देते हुए कहते हैं कि ‘हमने कभी आलोचनाओं को गंभीरता से नहीं लिया। जैकलिन ने गाने के साथ पूरा न्याय किया है, बात यहीं खत्म होती है।’

31 मार्च (आईएएनएस)। ‘बागी-2’ का एक गाना फिल्म से ज्यादा चर्चा में रहा, वजह थीं माधुरी दीक्षित। यह गाना ‘तेजाब’ में माधुरी के आइकॉनिक गाने ‘एक दो तीन’ का रीमेक था। गाने के रीमेक में जैकलिन की तुलना माधुरी से होनी स्वाभाविक थी, जिसे लेकर जैकलिन को आलोचनाएं भी झेलनी पड़ीं, लेकिन फिल्म के निर्देशक अहमद खान अभिनेत्री के बचाव में टका सा जवाब देते हुए कहते हैं कि ‘हमने कभी आलोचनाओं को गंभीरता से नहीं लिया। जैकलिन ने गाने के साथ पूरा न्याय किया है, बात यहीं खत्म होती है।’

कोरियाग्राफर से निर्देशक बने अहमद खान ने मुंबई से आईएएनएस को फोन पर बताया, “हमें पहले से पता था कि इस गाने के रिलीज होने पर माधुरी से इसकी तुलना होगी। समस्या यही है कि हम इंडियंस हमेशा कंपैरिजन मोड में रहते हैं, लेकिन हमें यह समझने की जरूरत है कि रीमेक कभी ऑरिजनल नहीं हो सकता, तभी यह रीमेक है।”

‘तेजाब’ में माधुरी के ‘एक दो तीन’ गाने को कोरियोग्राफ कर चुकीं सरोज खान के भी इस रीमेक से खुश नहीं होने के सवाल पर वह कहते हैं, “मुझे नहीं पता, ये खबरें कहां से आ रही हैं। सरोज खान को यह गाना बहुत पसंद आया है। उन्हें गाने में जैकलिन का डांस अच्छा लगा है। इसके आगे क्या कहूं।”

फिल्म की सफलता को लेकर आश्वस्त अहमद खान टाइगर श्रॉफ सरीखी नई पीढ़ी के कलाकारों से खासे प्रभावित हैं। वह कहते हैं “एक समय था जब इंडस्ट्री बच्चन और खान तिकड़ी तक ही सीमित थी, लेकिन अब एक से बढ़कर एक प्रतिभाशाली लोग इंडस्ट्री में आ रहे हैं। डांस, एक्शन, कॉमेडी इन तीनों विधाओं में हमारे पास यंगस्टर्स की पूरी फौज है। शाहिद कपूर, टाइगर श्रॉफ, रणवीर सिंह, वरुण धवन, सिद्धार्थ मल्होत्रा, आयुष्मान खुराना, राजकुमार राव कितने ही बेहतरीन कलाकार हैं, जो हिंदी सिनेमा को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।”

अहमद उत्साहित हैं कि बॉक्स ऑफिस पर फिल्म अच्छा करेगी, शायद इसलिए वह अब ‘बागी-3’ की तैयारी में भी जुटने वाले हैं।

अहमद कहते हैं, “लोगों को बागी पसंद आई थी, इसलिए बागी-2 बनाई, इसमें कोई शक नहीं कि यह पहली फिल्म से बेहतर है। पब्लिक डिमांड पर ही अब बागी-3 में लगने वाला हूं।”

आम जनमानस का मानना है कि किसी भी फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म के मुकाबले बाकी के पार्ट्स ज्यादा हिट नहीं होते। लोगों में इस तरह की फ्रेंचाइजी को लेकर क्रेज खत्म हो जाता है, लेकिन अहमद इससे सहमत नहीं हैं। उनका कहना है, “किसने कहा लोगों का क्रेज खत्म हो जाता है? ‘गोलमाल’ के बाद उसके जितने भी पार्ट बनें, सभी पसंद किए गए। ‘हेरा फेरी 2’ पहले वाली से ज्यादा हिट रही। ‘हेट स्टोरी’ फ्रेंचाइजी की फिल्में भी हिट रही हैं। ‘तनु वेड्स मनु रिटर्न्‍स’, ‘सिंघम’, ‘दबंग’, ‘हाउसफुल’ और ‘धूम’ बेहिसाब फिल्में हैं, जिन्होंने पहले पार्ट की तुलना में अच्छी कमाई की, पार्ट बनते ही इसलिए हैं, क्योंकि वे हिट होते हैं। ‘बागी’ हिट रही, तभी हमने ‘बागी-2’ बनाई और अब ‘बागी-3’ की तैयारी कर रहे हैं। यह एक तरह का भ्रम है और कुछ नहीं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493