मुंबई, 4 नवंबर (आईएएनएस)। कलर्स पर नया धारावाहिक ‘कर्मफल दाता शनि’ प्रसारित होने के लिए तैयार है। इसके निर्माता व निर्देशक सिद्धार्थ कुमार तिवारी का कहना है कि ‘शनि’ के चरित्र की सबसे गलत व्याख्या की गई है।
सिद्धार्थ के मुताबिक, “अगर आप शनि के बारे में विकिपीडिया पर पढ़ते हैं तो आप पौराणिक कथाओं में शनि को सबसे ज्यादा गलत समझे जाने वाले पात्र के रूप में पाएंगे और यह एक अहम कारण है जिसकी वजह से मैं यह धारावाहिक बना रहा हूं। मैं चाहता हूं कि लोग इस धारावाहिक के जरिए शनि के सकारात्मक पक्ष को समझे।”
अभिनेता गुफी पेंटल का मानना है कि शनि न्यान के देवता हैं। इसलिए हर पौराणिक पात्र की प्रासंगिकता बनी रहेगी।
इंद्र की भूमिका निभा रहे कुणाल बख्शी का कहना है कि शनि कर्म के अनुसार फल देते हैं।
इस धारावाहिक से जूही परमार छोटे पर्दे पर वापसी कर रही हैं। वह संज्ञा और छाया के रूप में दोहरी भूमिका में हैं।
अभिनेत्री के मुताबिक, “मातृत्व के बाद वापसी के लिए इस से बेहतर शुरुआत की उम्मीद मैंने नहीं की थी।”
धारावाहिक में सूर्यदेव की भूमिका निभा रहे सलिल अंकोला कहते हैं कि सिद्धार्थ एक माहिर निर्देशक हैं। उनके मार्गदर्शन में सबने बढ़िया काम किया है।
स्वास्तिक पिक्चर्स द्वारा निर्मित ‘कर्मफल दाता शनि’ का प्रसारण सात नवंबर से कलर्स चैनल पर होगा।
dharmpath.com dharmpath