नई दिल्ली, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय महिला हॉकी टीम की गोलकीपर रजनी एतिमारपू ने रविवार को कहा कि टीम न्यूजीलैंड में 11 से 19 अप्रैल के बीच होने वाले हॉक्स बे कप के लिए अतिरिक्त खिलाड़ियों की भी मजबूत पंक्ति तैयार करने पर काम कर रही है।
देश की राष्ट्रीय महिला टीम आगामी टूर्नामेंट के लिए राष्ट्रीय राजधानी के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में अभ्यास में लगी हुई है तथा अनुभवी गोलकीपर सविता के अलावा रजनी भी टीम के लिए योजनाएं एवं रणनीतियां बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।
इस टूर्नामेंट में भारत को अर्जेटीना, आस्ट्रेलिया, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, अमेरिका और मेजबान न्यूजीलैंड की चुनौतियों का सामना करना होगा।
रजनी ने कहा, “हम एक टीम के रूप में कड़ी मेहनत कर रहे हैं और एक 18 सदस्यीय मजबूत टीम तैयार करने में जुटे हुए हैं। यहां हर खिलाड़ी बेहद महत्वपूर्ण हैं तथा स्थानापन्न खिलाड़ी के लिए नए नियमों को देखते हुए सभी खिलाड़ियों का स्तर एकसमान होना जरूरी है।”
उन्होंने कहा, “एक संतुलित टीम के लिए अतिरिक्त खिलाड़ियों की पंक्ति का भी मजबूत होना अहम है ताकि कोच के पास कई विकल्प रहे और अलग-अलग मैचों में खिलाड़ियों में लगातार बदलाव किया जा सके।”
देश के लिए 33 अंतर्राष्ट्रीय मैचों में हिस्सा ले चुकीं रजनी ने यह भी बताया कि अनुभवी गोलकीपर सविता के साथ उनकी घनिष्ठता काफी अच्छी है।
रजनी ने कहा, “हॉकी वर्ल्ड लीग (एचडब्ल्यूएल) सेमीफाइनल से ठीक पहले यह टूर्नामेंट हमारे लिए अच्छा अनुभव साबित होगा।”
हॉक्स बे कप के बाद बेल्जियम में होने वाले एचडब्ल्यूएल सेमीफाइनल में यदि भारतीय टीम शीर्ष तीन में जगह बनाने में सफल रहती है तो उन्हें रियो ओलम्पिक-2016 में प्रवेश मिल जाएगा।
dharmpath.com dharmpath