लंदन, नवंबर 11 (आईएएनएस)। इंग्लिश फुटबाल क्लब आर्सेनल के मैनेजर आर्सीन वेनगर ने कहा कि वह भारत के और विशेष रूप से ‘भारतीय संस्कृति’ के प्रशंसक हैं।
भारत में बुधवार को दिवाली का उत्सव बड़ी धूम-धाम से मनाया गया और आर्सेनल को यह काफी पसंद है।
वेनगर ने कहा कि वह महात्मा गांधी के प्रशंसक हैं और भारतीय मूल्यों का हमेशा से सम्मान करते हैं।
उन्होंने क्लब की वेबसाइट पर साझा किया, “मैं भारतीय संस्कृति का प्रशंसक हूं। बचपन में ही मैंने महात्मा गांधी अहिंसा के सिद्धांत के बारे में जाना और बचपन में सीखी गई बातों का आपके लिए हमेशा खास अर्थ होता है।”
उन्होंने कहा, “छोटे बच्चे के रूप में आप हमेशा सोचते हैं कि हिंसा का जवाब मैं अहिंसा से दूंगा और ऐसे में आप उस व्यक्ति को नहीं भूल पाते, जिन्होंने यह शांतिपूर्ण उदाहरण आपके समक्ष रखा हो। ऐसे में आप भारतीय संस्कृति को लेकर उत्सुक हो जाते हैं, जिसकी एक विशिष्ट संस्कृति है।”
आर्सेनल के 66 वर्षीय मैनेजर ने कहा, “यहां इंग्लैंड में भी भारतीय समुदाय के लोगों का एक बड़ा तबका है और वे बहुत मेहनती हैं। वे सभी समाज में अच्छा कर रहे हैं और जब आपको इस बारे में पता चलता है तो आप स्वाभाविक रूप से उनका सम्मान करते हैं। मेहनत प्रत्येक समाज की आवश्यक विशेषता है। इससे सम्मान की भावना अपने आप ही आती है।”
dharmpath.com dharmpath