भारतीय हॉकी टीम के मुख्य कोच बने रीड (लीड-1)

नई दिल्ली, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। हॉकी इंडिया ने सोमवार को आस्ट्रेलिया के पूर्व खिलाड़ी एवं कोच ग्राहम रीड को भारतीय पुरुष हॉकी टीम का नया मुख्य कोच नियुक्त किया।

54 वर्षीय रीड जल्द ही बेंगलुरू स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) में जारी कैम्प में भारतीय टीम से जुड़ेंगे। इस कैम्प के लिए 60 खिलाड़ियों का चयन किया गया है।

रीड आस्ट्रेलिया के दिग्गज खिलाड़ी रह चुके हैं। वह एक डिफेंडर/मिडफील्डर के रूप में 1992 बार्सिलोना ओलम्पिक में रजत पदक जीतने वाली आस्ट्रेलियाई टीम का भी हिस्सा थे।

इसके अलावा वह 1984, 1985, 1989 और 1990 में चैम्पियसं ट्रॉफी जीतने वाली आस्ट्रेलियाई टीम के सदस्य भी रह चुके हैं।

अपने करियर में 130 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलने वाले रीड 2009 में आस्ट्रेलिया के सहायक कोच रह चुके हैं।

रीड आस्ट्रेलिया की पुरुष टीम के मुख्य कोच रह चुके हैं। उनके मार्गदर्शन में टीम ने 2012 में लगातार पांचवीं बार चैम्पियंस ट्रॉफी पर कब्जा किया था।

इसके अलावा वह 2014 में नंबर-1 टीम का खिताब बरकरार रखने वाली आस्ट्रेलियाई टीम के मुख्य कोच बने थे।

हाल के समय में वह नीदरलैंड्स टीम के सहायक कोच के रूप में काम कर रहे थे, जिसने पिछले साल विश्व कप में रजत पदक जीता था।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष मोहम्मद मुश्ताक अहमद ने कहा, “एक खिलाड़ी के तौर पर ग्राहम का एक कामयाब करियर रहा है। इसके साथ ही उनका कोचिंग अनुभव भी बहुत अच्छा है। वह आस्ट्रेलिया और नीदरलैंड्स की राष्ट्रीय टीम के साथ काम कर चुके हैं। हमें उम्मीद है कि उनका अनुभव और विशेषज्ञता भारतीय टीम को 2020 टोक्यो ओलम्पिक के लिए अपेक्षित परिणाम हासिल करने में मदद करेगा।”

इस अवसर पर रीड ने कहा, “भारतीय हॉकी टीम का मुख्य कोच बनना मेरे लिए गर्व और सम्मान की बात है। इस खेल में किसी टीम के इतिहास की तुलना भारत से नहीं की जा सकती। विपक्षी टीम के कोच के रूप में मैं भारतीय हॉकी का लुत्फ उठा चुका हूं। भारतीय टीम धीरे-धीरे दुनिया की सबसे खतरनाक टीमों में शुमार होती जा रही है।”

उन्होंने कहा, “मुझे भारतीय टीम की तेज और आक्रामक हॉकी पसंद है। यह ऑस्ट्रेलियाई अंदाज के काफी करीब है। मैं हॉकी इंडिया के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हूं।”

गौरतलब है कि पिछले साल भुवनेश्वर में हुए हॉकी विश्व कप के कुछ समय बाद हरेंद्र सिंह को भारत के मुख्य कोच के पद से बर्खास्त कर दिया गया था और तब से टीम को नए कोच की तलाश थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493