मुंबई, 14 जून (आईएएनएस)। भारती इंफ्राटेल अपने पास मौजूद अतिरिक्त कोष का कुछ हिस्सा हिस्सेदारों को वापस करने के लिए अपने 4.7 करोड़ शेयरों का बायबैक करेगी। यह बायबैक 425 रुपये प्रति शेयर की दर से कुल 2,000 करोड़ रुपये का होगा। यह जानकारी कंपनी ने मंगलवार को शेयर बाजार में नियामकीय सूचना जारी कर दी।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में दाखिल बयान में कहा गया है, “कंपनी के शेयरधारकों ने वर्तमान शेयरधारकों से निविदा पेशकश प्रक्रिया के जरिए कंपनी के शेयरों को वापस खरीदने के एक प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।”
कंपनी के शेयर बीएसई पर 0.46 फीसदी तेजी के साथ 380.35 रुपये पर बंद हुए।
कंपनी के मुताबिक, उसके पास 10,348 करोड़ रुपये का कोष संचित है। चूंकि संचित कोष के 25 फीसदी से अधिक बायबैक की अनुमति नहीं है, इसलिए अधिकतर 2,587 करोड़ रुपये के बायबैक की ही अनुमति मिल सकती है।
कंपनी ने कहा कि इसके देखते हुए बायबैक का आकार 19,99,99,99,775 रुपये का रखा गया है और ब्रोकरेज और विविध प्रकार के कर जैसे सभी शुल्कों को इससे अलग रखा गया है, क्योंकि ये सब 25 फीसदी सीमा के अंदर आते हैं।
यानी, कंपनी अपनी संचित निधि के 19.3 फीसदी राशि के बराबर बायबैक कर रही है।
कंपनी के देशभर के 18 राज्यों और 11 दूरसंचार सर्किलों में 35 हजार टॉवर हैं।
dharmpath.com dharmpath