नई दिल्ली, 20 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय अंडर-17 फुटबाल टीम के नवनियुक्त कोच लुइस नोर्टन डे माटोस ने गुरुवार को कहा कि उनकी टीम अपनी मेजबानी में होने वाले विश्व कप में मैच जीतने की सोच के साथ मैदान पर उतरेगी।
कोच ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “हमारी मानसिकता जीतने की होगी। हमारा ध्यान अपने अंदर मैच जीतने वाली सोच को बनाए रखने पर होगा।”
भारत को छह अक्टूबर से शुरू होने वाले अंडर-17 विश्व कप में ग्रुप-ए में अमेरिका, कोलंबिया और घाना के साथ रखा गया है।
माटोस ने कहा कि मेजबान देश अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने को तैयार है।
उन्होंने कहा, “मैं जानता हूं कि हमारी जीत की संभावनाएं कम हैं। अगर हमारी पांच फीसदी भी जीतने की संभावना है तो हम लड़ेंगे। कोई भी हारना नहीं चाहता।”
माटोस ने इस साल की शुरुआत में पूर्व कोच जर्मनी के निकोलई एडम का स्थान संभाला है। पुर्तगाल के इस खिलाड़ी ने कहा कि हर कोच की काम करने की अपनी एक अलग शैली होती है।
उन्होंने कहा, “जर्मनी के लोग अलग हैं और पुर्तगाल के लोग अलग हैं। जर्मनी के लोगों के अपने स्कूल और शिक्षण शैली है वैसे ही हमारी भी।”
उन्होंने कहा, “अनुभव के साथ भारत, पुर्तगाल की तरह खेल सकता है। हम गेंद को अपने पास रखना और उस पर नियंत्रण बनाए रखना पसंद करेंगे।”
dharmpath.com dharmpath