सिडनी, 28 फरवरी (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के कप्तान जोसन होल्डर ने कहा है कि उन्हें अभी भी उम्मीद है कि कैरेबियाई टीम विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में कामयाब होगी।
समाचार एजेंसी सीएमसी के अनुसार कैरेबियाई टीम को पूल-बी के अपने पिछले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका से 257 रनों से हार का सामना करना पड़ा था।
वेस्टइंडीज आईसीसी विश्व कप-2015 में अब तक चार मैच खेलकर दो अंक हासिल कर सका है। कप्तान होल्डर ने हालांकि कहा कि खिलाड़ियों को अभी भी सकारात्मक रुख अपनाना चाहिए।
होल्डर के अनुसार, “हमें सकारात्मक रहते हुए पिछले मैच में की गई गलतियों को सीख कर अगले मुकाबले में आना होगा। हम पुराने को जितनी जल्दी भूल जाएं, उतना अच्छा है। हमें पूरी उम्मीद है कि हम क्वार्टर फाइनल में पहुंच जाएंगे। हमें इसके लिए केवल यूएई और भारत के खिलाफ अच्छा खेलना होगा।”
वेस्टइंडीज अगले मैच में शुक्रवार को भारत का सामना करेगा।
dharmpath.com dharmpath