नई दिल्ली, 9 अगस्त (आईएएनएस)। भारत-अफ्रीका के बीच फिलहाल 70 अरब डॉलर का व्यापार है और भारत को अफ्रीका से और ज्यादा निवेश की उम्मीद है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
विदेश मंत्रालय के सचिव (आर्थिक संबंध) अमर सिन्हा ने ‘आई फॉर अफ्रीका’ नामक आयोजन की पूर्व संध्या पर यहां कहा, “भारत और अफ्रीका के बीच 70 अरब डॉलर का व्यापार है और हम न सिर्फ अफ्रीका में निवेश करने पर ध्यान दे रहे हैं, बल्कि भारत में भी अफ्रीकी निवेश बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं।”
‘आई फॉर अफ्रीका’ का आयोजन इंडो-अफ्रीकन चैंबर ऑफ कॉमर्स (आईएसीसीआई) की तरफ से किया जा रहा है और इस साल इसके आठवें संस्करण का आयोजन किया जा रहा है। इसे विदेश मंत्रालय और वाणिज्य मंत्रालय के सहयोग से मुंबई में 27 से 30 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम का लक्ष्य भारत और अफ्रीका के बीच व्यापारिक साझेदारी बढ़ाना है। सिन्हा ने कहा कि अफ्रीका के साथ व्यापार बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले छह महीनों में भारतीय राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नौ अफ्रीकी देशों की यात्रा की है।
सिन्हा ने कहा कि खाद्य सुरक्षा का क्षेत्र भारत और अफ्रीका के बीच साझेदारी का महत्वपूर्ण क्षेत्र है। भारत मोजाम्बिक से दालों का आयात कर रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत अपने अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन में अफ्रीकी देशों की भागीदारी की उम्मीद करता है।
वाणिज्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव (अफ्रीका) ने कहा कि अफ्रीका में दुनिया की करीब 50 फीसदी कृषि योग्य भूमि है, लेकिन केवल 10 फीसदी जमीन पर खेती हो रही है।
डीन ऑफ अफ्रीकन डिप्लोमैटिक कोर्प्स और इरीट्रिया के राजदूत अलेम टी. वोल्डमरियम ने कहा कि अफ्रीका के पास बहुत कुछ है, जिसमें भारत निवेश कर सकता है। उन्होंने कहा, “अफ्रीकी अर्थव्यवस्था के सभी क्षेत्र निवेश के लिए खुले हैं।”
dharmpath.com dharmpath