भारत को तुर्की संग असैन्य परमाणु सहयोग की उम्मीद (लीड-1)

अंताल्या(तुर्की), 16 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भूमध्य सागर के तट पर स्थित इस शहर में चल रहे जी-20 शिखर सम्मेलन के दूसरे और अंतिम दिन सोमवार को तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तईप एडरेगन के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान कहा कि इस देश के साथ अन्य क्षेत्रों के अलावा असैन्य परमाणु सहयोग की अच्छी संभावना है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने मीडिया से कहा, “प्रधानमंत्री ने कहा कि असैन्य परमाणु सहयोग, अंतरिक्ष और कृषि के क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाएं हैं।”

स्वरूप ने कहा, “एडरेगन ने मोदी को अगले वर्ष तुर्की आने का न्योता दिया है।”

प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक ट्वीट में कहा था, “तुर्की से जुड़ाव, जी-20 शिखर बैठक के मेजबान तुर्की के राष्ट्रपति आरटी एडरेगन संग द्विपक्षीय बैठक।”

प्रधानमंत्री ने सोमवार को स्पेन के प्रधानमंत्री मारियानो राजोय के साथ भी द्विपक्षीय बैठक की।

मोदी ने रविवार को ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री मैल्कम टर्नबुल के साथ द्विपक्षीय बैठक की थी, जिस दौरान भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच हुए असैन्य परमाणु समझौते की सभी प्रक्रियाएं पूरी की गईं।

मोदी ने यूरोपीय संघ के अध्यक्ष डोनाल्ड टस्क और यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष जीन क्लाउड जंकर से भी रविवार को मुलाकात की थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493