नई दिल्ली, 12 जुलाई (आईएएनएस)। भारत में पहली बार दो विदेशी फुटबाल क्लब सीजन के शुरू होने से पहले अभ्यास मैच खेलने के लिए आ रहे हैं। इन क्लबों में आस्ट्रेलिया की ए-लीग का क्लब मेलबर्न सिटी एफसी और स्पेनिश लीग का क्लब गिरोना एफसी शामिल है।
इन प्री-सीजन मैचों को भारत में लाने वाले इंडिया ट्रैक ऑन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) विवेक सेथिया का मानना है कि यह कदम भारतीय फुटबाल के इतिहास में बड़ा कदम होगा जिससे देश की फुटबाल को आगे जाने का मौका मिलेगा।
एक बयान में सेथिया ने कहा, “यह दौरा कई अंतर्राष्ट्रीय टीमों की नजरों में भारत को फुटबाल का गढ़ बना देगा और टीमें यह सीजन से पहले अभ्यास के लिए आया करेंगी।”
यह दोनों टीमें इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की टीम केरला ब्लास्टर्स से कोच्चि के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में मैच खेलेंगी। इन अभ्यास मैचों की शुरुआत 24 जुलाई से होगी।
सेथिया का मानना है कि केरल में भारत के जुनूनी फुटबाल समर्थक बसते हैं और ऐसे में इन प्रशंसकों के सामने खेलना इन क्लबों के लिए अच्छा अनुभव होगा।
उन्होंने कहा, “उनके पास पाने को बहुत कुछ होगा। केरल के प्रशंसक शानदार हैं और अच्छी फुटबाल का समर्थन करते हैं।”
आयोजकों के मुताबिक, “इसका मकसद भारत में उच्च स्तरीय फुटबाल को लाना है और प्रंशसकों को अतंर्राष्ट्रीय फुटबाल का अनुभव प्रदान करना है। हम भारत को वो स्थान बनाना चाहते हैं जहां अंतर्राष्ट्रीय टीमें सीजन से पहले अभ्यास करने आएं।”
सेथिया की टीम के साथ केरला ब्लास्टर्स भी इस आयोजन में सहभागी है। सेथिया ने कहा, “यह हमारे सह-भागी हैं और शुरू से इस योजना में जुड़े हुए हैं।”
ब्लास्टर्स की टीम अपने 2018-19 सीजन की शुरुआत 24 जुलाई से मेलबर्न सिटी एफसी के साथ करेगी। वहीं 28 जुलाई को वह स्पेनिश क्लब गिरोना एफसी के खिलाफ खेलेगी।
dharmpath.com dharmpath