भारत दौरे पर आईओए सदस्यों से मिलेंगे बाक

नई दिल्ली, 27 मार्च (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) के अध्यक्ष थॉमस बाक अप्रैल में होने वाले भारत दौरे के दौरान भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) के कार्यकारी बोर्ड के नवनियुक्त सदस्यों से मिलेंगे।

बाक 18 से 20 अप्रैल के दौरान राजधानी दिल्ली में इन सदस्यों से मुलाकात करेंगे। बाक के साथ एसोसिएशन आफ नेशनल ओलंपिक कमेटीज (एएनओसी) व ओलंपिक कौंसिल आफ एशिया (ओसीए) के अध्यक्ष शेख अहमद अल सबा भी होंगे।

इस दौरे पर बाक और शेख अहमद अल सबा केंद्रीय खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर से 19 अप्रैल को मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे दोनों आईओए कार्यकारी बोर्ड के नवनियुक्त सदस्य से भी भेंट करेंगे।

आईओए के कार्यकारी बोर्ड में नवनियुक्त अध्यक्ष डा. नरिंदर बत्रा और महासचिव राजीव मेहता हैं। इस दौरान 2020 और 2024 ओलम्पिक खेलों के विषयों पर प्राथमिक रूप से चर्चा की जाएगी।

इस बारे में बत्रा ने कहा, “मैं इस बात का आंकलन या खुलासा नहीं कर सकता कि भारत दौरे पर बाक और शेख अहमद अल सबा भारत सरकार और राठौड़ के साथ किन मुद्दों पर चर्चा करेंगे, लेकिन मैं जानता हूं कि आईओए देश में बड़े स्तर के टूर्नामेंटों की मेजबानी करने की हमारी तत्परता को दर्शाएगा। इसमें हम इस बात पर चर्चा करना चाहेंगे कि किस प्रकार आईओसी ओलंपिक एजेंडा 2020 की रणनीति को हासिल करने के लिए प्रभावी ढंग से प्रयासरत हो सकता है।”

बाक ने पहली बार भारत दौरा 2015 में किया था। हालांकि, ऐसा पहली बार होगा कि वह आईओए की कार्यकारी बोर्ड के नवनियुक्त सदस्यों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वह एक प्रदर्शनी हॉकी मैच को भी देखेंगे। इस दौरे पर बाक भारत के ओलम्पिक पदक विजेताओं से भी मुलाकात करेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493