भारत-नेपाल संयुक्त आयोग की चौथी बैठक होगी

काठमांडू, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत-नेपाल संयुक्त आयोग की चौैथी बैठक 26-27 अक्टूबर को नई दिल्ली में होगी। यह विदेश मंत्री स्तरीय शीर्ष द्विपक्षीय निकाय है।

नेपाल के विदेश मंत्रालय ने यहां एक बयान में कहा कि 27 अक्टूबर को संयुक्त आयोग की बैठक होगी।

प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ के हालिया भारत दौरे के दौरान दोनों देशों ने जल्द बैठक करने पर सहमति जताई थी।

बयान के मुताबिक, विदेश मंत्री प्रकाश महत तथा उनकी भारतीय समकक्ष सुषमा स्वराज बैठक में अपने-अपने प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। इस दौरान द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा की जाएगी और भविष्य के कार्यक्रमों की दिशा तय की जाएगी।

बैठक के दौरान, विभिन्न द्विपक्षीय मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किए जाएंगे और नेपाल में भारत के वित्तपोषण वाली परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने तथा इन परियोजनाओं की प्रगति पर निगरानी रखने के लिए सरकार स्तर पर एक संयुक्त प्रणाली स्थापित करने सहित सभी मुद्दों का समाधान ढूंढने का प्रयास किया जाएगा।

इसके अलावा, लंबित परियोजनाएं पूरी करने के लिए बैठक में समयबद्ध योजना पर विचार का प्रयास किया जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा प्रधानमंत्री दहल ने द्विपक्षीय निगरानी प्रणाली के माध्यम से लंबित परियोजनाएं शीघ्र पूरी करने पर सहमति जताई थी।

इससे पहले, संयुक्त आयोग की बैठक 20-22 अगस्त को नई दिल्ली में होने वाली थी, लेकिन इसे रद्द कर दिया गया था। 23 वर्षों के अंतराल के बाद आयोग की तीसरी बैठक काठमांडू में 2014 में हुई थी।

संयुक्त आयोग एक उच्च स्तरीय संस्था है, जिसका उद्देश्य राजनीति, सुरक्षा, व्यापार व निवेश सहयोग, जल संसाधन व बिजली, संपर्क, विकास सहायता तथा शिक्षा व संस्कृति जैसे क्षेत्र में भारत-नेपाल के संबंधों की समीक्षा करना है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493