भारत ने यू-19 विश्व कप अभ्यास मैच में पाकिस्तान को हराया (लीड-1)

सावर (बांग्लादेश), 25 जनवरी (आईएएनएस)। खलील अहमद (30-5) की बेहतरीन गेंदबाजी और सरफराज अहमद (81) के तेज अर्धशतक की बदौलत भारतीय अंडर-19 टीम ने विश्व कप अभ्यास मैच में सोमवार को पाकिस्तान को पांच विकेट से हरा दिया।

पाकिस्तान ने 45 ओवरों तक सीमित किए गए इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 44.1 ओवरों में 197 रन बनाए। इसमें कप्तान गौहर हफीज के 25, मोहम्मद उमर के 36, सलमान फयाज के 29 और हसन मोहसिन के 33 रन शामिल हैं।

भारत की ओर से अहमद के अलावा राहुल बाथम, वाशिंगटन सुंदर, मयंक डागर, महिपाल लोमरूर और अरमान जाफर ने एक-एक सफलता हासिल की।

जवाब में खेलने उतरी भारतीय टीम ने 33.4 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर जीत के लिए जरूरी रन बना लिए।

सरफराज ने 68 गेंदों की पारी में 12 चौके और एक छक्का लगाया। सुंदर 28 और लोमरूर 22 रनों पर नाबाद लौटे।

पाकिस्तान की ओर से हसन मोहसिन और शादाब खान ने दो-दो विकेट लिए।

तीन बार के चैम्पियन भारत का विश्व कप में पहला मैच 28 जनवरी को ग्रुप-डी में आयरलैंड के साथ होगा।

सोमवार को हुए एक अन्य अभ्यास मैच में मेजबान बांग्लादेश ने इंग्लैंड को 97 रनों से हराते हुए खुद को खिताब के दावेदार के तौर पर पेश किया।

अंडर-19 विश्व कप 27 जनवरी से 13 फरवरी के बीच बांग्लादेश के कई शहरों में खेला जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493