इस्लामाबाद, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत पाकिस्तान के संयुक्त जांच दल को सबूत मुहैया कराने में नाकाम रहा है, जिन्होंने पठानकोट हमले की जांच के लिए हाल ही में भारत का दौरा किया था। इस दल से जुड़े एक सूत्र ने यह जानकारी दी है।
जांच दल के सदस्यों ने 29 मार्च को भारत की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के अधिकारियों के साथ पठानकोट वायुसेना अड्डे का दौरा किया, जहां उन्हें आतंकवादियों द्वारा प्रयोग किए गए रास्तों और उनके द्वारा वायुसेना अड्डे के अंदर घुसने के रास्तों को दिखाया गया।
पाकिस्तानी जांच दल को वायुसेना अड्डे के अंदर एक मुख्य द्वार के बजाए उससे सटे एक संकीर्ण रास्ते से ले जाया गया, जहां उन्होंने महज 55 मिनट गुजारे। इतने कम समय में वायुसेना अड्डे का महज एक चक्कर लगाया जा सकता है।
जियो न्यूज ने सूत्रों के हवाले से जानकारी दी है कि संयुक्त जांच दल इस दौरान कोई साक्ष्य इकट्ठा नहीं कर पाया।
हालांकि जांच दल को भारतीय सीमा सुरक्षा बल की लापरवाही के बारे में सूचित किया गया। इसमें कहा गया कि जब आतंकवादी सीमा पार कर रहे थे तो बीएसएफ के जवान सो रहे थे। जबकि महज 48 घंटे पहले ही संभावित घुसपैठ को लेकर उन्हें अलर्ट रहने को कहा गया था।
dharmpath.com dharmpath