रामबिली-भारत अगले साल तक रणनीतिक रूप से अहम नया नौसैनिक अड्डा बनाने की तैयारी कर रहा है. यह नौसेना बेस आंध्र प्रदेश में बनाने की तैयारी है. इस बेस पर न्यूक्लियर सबमरीन और दूसरे युद्धक पोत तैनात किए जाएंगे. इस बेस को बनाने का मकसद हिंद महासागर में भारतीय नौसेना की ताकत बढ़ाना और चीन की चुनौतियों का मुकाबला करना है. इसके अलावा भारत कर्नाटक के करवार बेस को अपग्रेड कर रहा है. यह बेस कर्नाटक के पश्चिमी तट पर स्थित है.
टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक नया बेस छोटे से तटवर्ती गांव रामबिली में बनेगा. यह विशाखापटनम स्थित पूर्वी नौसेना कमांड हेडक्वार्टर से 50 किलोमीटर की दूरी पर है. यहां परमाणु पनडुब्बियों के लिए सुरंगों का जाल बनाया जाएगा.
इस बेस से बिना सैटेलाइट से डिटेक्ट हुए पनडुब्बियां बंगाल की खाड़ी में उतर जाएंगी. सूत्रों के मुताबिक प्रोजेक्ट वर्षा के अंतर्गत बनाया जा रहा रामबिली बेस का पहला चरण करीब-करीब पूरा हो चुका है. इस बेस का अपग्रेड और विस्तार किया जाएगा. जैसे प्रोजेक्ट सीबर्ड के तहत करवार बेस का किया जा रहा है. बता दें कि न्यूक्लियर सबमरीन बेस बनाने में दशकों का वक्त लग जाता है क्योंकि इसमें कई तकनीकी, पर्यावरण संबंधी चुनौतियां आती हैं.
dharmpath.com dharmpath