अदीस अबाबा, 30 मार्च (आईएएनएस)। अफ्रीकी संघ (एयू) ने गुरुवार को कहा कि भारत में नाइजीरियाई छात्रों तथा एक केन्याई महिला पर हमले को लेकर वह बेहद चिंतित है।
राष्ट्रीय राजधानी से लगभग 40 किलोमीटर दूर ग्रेटर नोएडा की एक रिहायशी कॉलोनी में ड्रग के ओवरडोज के कारण 12वीं कक्षा के एक छात्र की मौत पर हुए प्रदर्शन के बाद नाइजीरियाई छात्रों पर हमले हुए।
ग्रेटर नोएडा में ही बुधवार को एक केन्याई छात्रा को कैब से खींचकर बाहर निकाला गया और उसकी पिटाई की गई। इस दौरान उसके पेट में लात मारे गए।
एयू ने एक बयान में कहा कि अफ्रीकी संघ हिंसा की निंदा करता है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, हमलों के कारण कई अफ्रीकियों को अपना जगह बदलना पड़ा है और वे अपनी जान को खतरा बता रहे हैं।
एयू ने मृतक के परिजन के प्रति हार्दिक संवेदना जताई है और घायल लोगों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
भारत द्वारा हमले की निष्पक्ष जांच के आश्वासन का संघ ने स्वागत किया है और अधिकारियों से जल्द से जल्द जांच पूरी करने का अनुरोध किया है।
अफ्रीका तथा भारत के बीच लंबे समय से सौहार्दपूर्ण संबंधों को रेखांकित करते हुए अफ्रीकी संघ ने मौजूदा वक्त में भारत में रह रहे सभी अफ्रीकी नागरिकों की सुरक्षा व सलामती सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का आह्वान किया है।
dharmpath.com dharmpath