भारत में हॉलीवुड के विख्यात होने का कारण इंटरनेट : जॉर्ज पर्रा (साक्षात्कार)

अंकित सिन्हा

अंकित सिन्हा

नई दिल्ली, 26 दिसम्बर (आईएएनएस)। भारत में बॉलीवुड की फिल्में जितनी पसंद की जाती हैं, हॉलीवुड की फिल्मों को पसंद करने वाले दर्शक भी उतने ही हैं। हॉलीवुड फिल्म ‘अमेरिकन हसल’ के कार्यकारी निर्माता जॉर्ज पर्रा इसका श्रेय इंटरनेट की सुविधा को देते हैं।

लॉस एंजेलिस से टेलिफोन पर साक्षात्कार के दौरान पर्रा ने आईएएनएस को बताया, “इंटरनेट के बढ़ते प्रभाव के कारण सारी दुनिया एक हो गई है और शायद यही कारण है कि हॉलीवुड भारत में भी इतना विख्यात हो रहा है।”

उन्होंने कहा, “बॉलीवुड में हर साल सैकड़ों फिल्में बनती हैं, लेकिन इंटरनेट के प्रभाव के कारण भारतीय दर्शकों की रुचि केवल बॉलीवुड तक ही सीमित नहीं है ‘अमेरिकन हसल’ जैसी बिल्कुल अलग अमेरिकी फिल्मों को भी भारत में काफी पसंद किया जाता है।”

पर्रा ने कहा, “मैं लोगों के चेहरों पर खुशी लाने के लिए फिल्में बनाता हूं और उन्हें अगर भारत, चीन या किसी भी अन्य देश में पसंद किया जाता है तो यह शानदार है।”

पर्रा के मुताबिक, ऑन डिमांड इंटरनेट स्ट्रीमिंग वेबसाइट्स ने भी हॉलीवुड फिल्मों को दुनियाभर के दर्शकों की पहुंच में लाकर उन्हें मशहूर बनाने में मदद की है।

उन्होंने कहा, “दस वर्ष पहले की तुलना में अब परिस्थिति काफी बदल चुकी है और फिल्में देश की सरहदों से बाहर आ चुकी हैं। अब कोई भी इंटरनेट की मदद से किसी भी फिल्म को जब चाहे देख सकता है।”

यह पूछे जाने पर कि क्या वह भारतीय फिल्मकारों और कलाकारों के साथ काम करना चाहेंगे, पर्रा ने कहा, “फिल्म निर्माण विश्वव्यापी विधा है। मैं लॉस एंजेलिस में कई भारतीय निर्माताओं और निर्देशकों से मिल चुका हूं। हम जरूर साथ मिलकर काम कर सकते हैं और हम डैनी बॉयल की ‘स्लमडॉग मिलियेनयर’ में साथ काम कर भी चुके हैं।”

पर्रा ‘टर्मिनेटर 2 : जजमेंट डे’, ‘साइडवेज’ और ‘इलैक्शन’ जैसी फिल्मों में अपने शानदार काम के लिए प्रशंसा पा चुके हैं।

‘अमेरिकन हसल’ का पहला भारतीय टीवी प्रीमियर शनिवार को सोनी पिक्स पर होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493