भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था का एक उज्जवल स्थान : फ्रांस (लीड-1)

पेरिस, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। फ्रांस के विदेश मंत्री लॉरेंट फेबियस ने शुक्रवार को कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था में भारत की पहचान एक उज्ज्वल स्थान के रूप में की गई है। यह बात उन्होंने फ्रांस दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी के साथ एक बैठक के दौरान कही।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि मोदी ने भारत तथा फ्रांस के बुनियादी ढांचे तथा रक्षा कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) से मुलाकात की।

भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरूद्दीन के मुताबिक फेबियस ने कहा, “भारत की पहचान एक उज्ज्वल स्थान के रूप में की गई है।”

मंत्री ने यह भी कहा, “फ्रेंच कंपनियों के लिए ‘मेक इन इंडिया’ के लक्ष्य पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन की मेजबानी एमईडीईएफ (मूवमेट ऑफ द इंटरप्राइजेज ऑफ फ्रांस) के 7.5 लाख सदस्य करेंगे।”

एमईडीईएफ फ्रांस का सबसे बड़ा नियोक्ता संघ है।

मोदी ने फेबियस के साथ फ्रांस के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) के साथ दो बैठकें की। पहली बैठक बुनियादी ढांचे पर और दूसरी बैठक रक्षा प्रौद्योगिकी पर केंद्रित थीं।

शुक्रवार देर शाम दोनों पक्षों के बीच आधिकारिक वार्ता पर दो लंबित परियोजनाओं पर भारत ठोस प्रगति की उम्मीद कर रहा है।

महाराष्ट्र के जैतापुर की परमाणु बिजली परियोजना बिजली की कीमत पर मतभेदों के कारण लंबे समय से अटकी है। इसमें फ्रांस की कंपनी एरेवा को छह परमाणु संयंत्र लगाने हैं। इस परियोजना से 10 हजार मेगावाट बिजली का उत्पादन होना है।

इसी तरह, कीमत को लेकर मतभेदों के कारण 126 राफेल लड़ाकू विमानों की आपूर्ति का समझौता भी गतिरोध में फंसा है।

मोदी गुरुवार रात यहां के दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर पहुंचे हैं। इसके बाद वह जर्मनी व कनाडा जाएंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493