सिडनी, 25 फरवरी (आईएएनएस)। आईसीसी विश्व कप-2015 में इस बार खिताब के प्रबल दावेदारों में शुमार दक्षिण अफ्रीका के सलामी धुरंधर बल्लेबाज हाशिम अमला ने बुधवार को कहा कि विश्व कप में भारत से मिली पिछली हार को ज्यादा तवज्जो देने की जरूरत नहीं है।
वेबसाइट ‘क्रिकइंफो डॉट कॉम’ ने अमला के हवाले से कहा है कि विश्व कप के ग्रुप-बी मुकाबले में पिछले रविवार को दक्षिण अफ्रीका कुछ छोटी-छोटी गलतियों के कारण हारी। अमला के अनुसार टीम जल्द ही इस हार को पीछे छोड़ने में कामयाब हो जाएगी।
भारत ने इस मैच में दक्षिण अफ्रीका को 130 रनों से हराया। विश्व कप इतिहास में भी भारत की दक्षिण अफ्रीका पर यह पहली जीत रही। इससे पहले के तीन मुकाबलों में भारत को हार का सामना करना पड़ा था।
अमला ने कहा, “हर खिलाड़ी यह जानता है कि किसी एक की हार और किसी एक की जीत होगी। इसलिए मुझे लगता है कि इस बारे में ज्यादा नहीं सोचना चाहिए। हमने उस मैच में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया, लेकिन मुकाबला जरूर किया। हमें अभी कुछ और ग्रुप मैच खेलने हैं हमारे टीम का हर खिलाड़ी अच्छा खेल रहा है। इसलिए पुरानी हार के बारे में ज्यादा सोचे बगैर अगले मैचों पर हमें ध्यान देना चाहिए।”
अमला के अनुसार भारत के खिलाफ मुकाबले में टीम के बल्लेबाज अच्छी साझेदारी करने में नाकाम रहे जो हार की मुख्य वजह रही।
दक्षिण अफ्रीका को विश्व कप का अपना अगला मुकाबला शनिवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलना है।
dharmpath.com dharmpath