भूकंप पीड़ितों की मदद के लिए कोलकाता में फुटबाल टूर्नामेंट

कोलकाता, 14 मई (आईएएनएस)। नेपाल में हाल में आए विनाशकारी भूकंप से प्रभवित लोगों की मदद के लिए धन जुटाने के मकसद से यहां 20 मई से एक विशेष फुटबाल टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार इस टूर्नामेंट में युवा खिलाड़ी अपना कौशल दिखाते नजर आएंगे।

मध्य कोलकाता के रामलीला मैदान पर तीन दिनों तक चलने वाले वीसीएन फुटबाल टूर्नामेंट-2015 में आठ टीमें हिस्सा लेंगी।

टूर्नामेंट के प्रमुख आयोजकों में से एक वर्चुअल कम्यूनिकेशन के निदेशक मनीत सिंह ने बताया, “यह टूर्नामेंट न केवल युवा फुटबाल खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाएगा और उन्हें अपना कौशल दिखाने का मौका मिलेगा बल्कि नेपाल में भूकंप से प्रभावित लोगों के लिए भी यह बड़ी मदद होगी।”

इस टूर्नामेंट के दौरान प्रायोजकों और प्रशंसकों द्वारा दिए गए पैसों को शहर के मेयर फंड में जमा कर दिया जाएगा। पश्चिम बंगाल कलाकार फोरम, एड्वाटेक हेल्थकेयर और वीसी नेटवर्क ने इस आयोजन में मुख्य भूमिका निभाई है।

उल्लेखनीय है कि पिछले महीने 25 तारीख को आए भूकंप से नेपाल में मरने वालों की संख्या 8,000 के ऊपर जा पहुंची है।

रिक्टर स्केल पर 7.9 तीव्रता वाले इस भूकंप की त्रासदी से नेपाल उबर ही रहा था कि मंगलवार को एक और बड़ा भूकंप आया जिसका केंद्र विश्व की सबसे ऊंची चोटी एवरेस्ट से बहुत ज्यादा दूर नहीं था। इस भूकंप में भी मरने वालों की संख्या 90 से ऊपर पहुंच चुकी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493